दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 13 मार्च। राज्य शासन द्वारा सहकारी समितियों के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की गई थी। धान का संग्रहण समितियों के प्रांगण में किया गया। वर्तमान में सहकारी समितियों के परिसर में धान का अंबार लगा हुआ है। जिसकी जिसकी निगरानी हेतु सहकारी समिति के कर्मचारियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। धान की निगरानी हेतु चौकीदार नियुक्त किए जाते हंै। जिससे धान की चोरी को रोका जा सके।
भांसी में 5 हजार क्विंटल जाम
दंतेवाड़ा जिला अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति समिति, भांसी में भी न्यूनतम समर्थन मूल्य में धान खरीदी की गई थी। आज पर्यंत 5 हजार क्विंटल धान का उठाव हो सका है, वहीं 5हजार क्विंटल धान का उठाव शेष है। अधिक समय तक धान खरीदी केंद्रों में रखने पर सूखत की समस्या भी उत्पन्न होती है। जिसका खामियाजा संबंधित समिति को भुगतना पड़ता है।
23000 क्विंटल का डीओ शेष
इस विषय में जिला विपणन अधिकारी श्री शांडिल्य ने बताया कि दंतेवाड़ा में 23000 क्विंटल धान का डीओ जारी होना शेष है। विभाग द्वारा शुक्रवार को 20000 क्विंटल का डीओ जारी किया गया। इसके उपरांत मिलर की जवाबदेही होगी। उन्होंने कहा कि 30 मार्च तक धान खरीदी केंद्रों से धान के स्टॉक को निल किया जाएगा।


