दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा , 28 फरवरी।राज्य सरकार द्वारा किसानों को धान के बोनस राशि का अंतरण होली के त्यौहार से पूर्व शनिवार को किया गया।राज्य में कृषक उन्नति योजना अंतर्गत धान बेचने वाले 24.28 लाख किसानों को 10,324.84 करोड़ रूपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान उनके बैंक खातों में अंतरित किया गया। दंतेवाड़ा में 7518 कृषकों के खातों में 16 करोड़ 69 लाख से अधिक की अंतर राशि पहुंची। राज्य स्तरीय समारोह बिलासपुर के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी खेल मैदान में मुख्यमंत्री द्वारा योजना अंतर्गत राशि का अंतरण किया गया।
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि जैविक जिला के रूप में दंतेवाड़ा ने जो उपलब्धि हासिल की है। वह अभूतपूर्व है और हमें इसे निरंतर जारी रखना है। प्राकृतिक खेती ही भविष्य की खेती है। हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार सदैव किसानों के लिए फिक्रमंद रही है।
दंतेवाड़ा के सर्वाधिक बोनस पाए कृषकों को विधायक और कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र दिया गया।
विकासखंड मुख्यालयों में समारोह
दंतेवाड़ा के सभी विकासखंड मुख्यालयों में कृषक उन्नति योजना के तहत वृहद किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया।
होली त्यौहार किसानों के लिए केवल रंगों का नहीं, बल्कि समृद्धि और खुशहाली का संदेश लेकर आया है। इस क्रम में शिवराम नाग मांझीपदर - 680 क्विंटल, 4 लाख 97 हजार 80 रुपये, राजेश कुमार नाग, टेकनार - 110 क्विंटल धान बिक्री 80 हजार बोनस, अजमन यादव, भैरमबंद - 125 क्विंटल धान बिक्री 91 हजार रूपये बोनस, शेषमन यादव, चितालूर - 34 क्विंटल धान बिक्री 25700 बोनस मिला है। इन किसानों ने राज्य शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है। इस क्रम में ब्लॉक कटेकल्याण के 950, कुआकोंडा के 1265, गीदम के 3016, दंतेवाड़ा के 2287, कृषि उन्नति योजना से लाभान्वित हुए है। ज्ञात हो कि जिले में अब तक धान खरीदी मात्रा 228420.80 क्विंटल थी। जिनके समर्थन मूल्य पर भुगतान राशि 54 करोड़ 11 लाख रही।
इस मौके पर अध्यक्ष सुनीता भास्कर, तिलेश्वरी नागेश, ममता मंडावी कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव प्रमुख रूप से मौजूद थे।


