दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 16 फरवरी। जिला प्रशासन द्वारा लंबित राजस्व मामलों के निदान को प्राथमिकता दी जा रही है। इस मुद्दे पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने राजस्व अधिकारियों को संयुक्त जिला कार्यालय में सोमवार को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अनुविभागीय अधिकारी सभी प्रकरणों की समीक्षा नियमित रूप से करें। साथ ही उन्होंने सभी तहसीलदारों को तहसीलों के रिकार्ड रूम की निरीक्षण करने की भी हिदायत दी। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामवार शिविर आयोजन कर खसरा, बी-1 का वाचन स्वयं की उपस्थिति में किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
राजस्व अधिकारियों की बैठक के मुख्य एजेंडे के अनुसार बी-1 बांटना, पीएम किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत पंजीयन, विवादित, अविवादित नामांतरण, ग्राम पंचायत नामांतरण पंजी, विवादित, अविवादित बंटवारा, सीमांकन, व्यपवर्तन, जैसे प्रमुख बिन्दु शामिल थे।
कलेक्टर ने उपरोक्त सभी बिंदुओं की क्रमवार समीक्षा करते हुए अद्यतन जानकारी ली। कलेक्टर ने अंत में बैठक में यह भी कहा कि अपने-अपने अनुभाग में राजस्व अधिकारियों द्वारा शांति व्यवस्था बनाये रखने कानून के पालन के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था के सुचारू रूप संचालन के लिए के लिए प्रतिबंधात्मक एवं दंडात्मक कार्यवाही किया जाना भी अति आवश्यक है।


