दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 1 जनवरी। दंतेवाड़ा में पुलिस - प्रशासन द्वारा सडक़ हादसों में कमी लाने सडक़ सुरक्षा माह का आरंभ गुरुवार को सिटी कोतवाली में किया गया।
कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि सडक़ सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग, तेज गति से वाहन तथा नशे में वाहन न चलाने आदि नियमों का पालन कर हम अनेक दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने सडक़ सुरक्षा माह को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन और जन भागीदारी अनिवार्य है।
इस अवसर पर सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि सडक़ सुरक्षा जागरूकता का संदेश गांव-गांव और स्कूल स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात से न केवल जीवन की रक्षा होती है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक क्षति को भी रोका जा सकता है। इसके लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधि और नागरिकों का सहयोग जरूरी है।
डीएसपी नसर सिद्दीकी ने बताया कि राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 01 जनवरी - 31 जनवरी तक मनाया जाएगा। इस दौरान जिले भर में प्रतिदिन सडक़ सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें आम नागरिकों, वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
यातायात रथ को हरी झंडी
यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री राठौर, सहायक उप निरीक्षक श्री त्रिपाठी एवं प्रधान आरक्षक थानसिंह देशमुख द्वारा यातायात उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें अतिथियों को उपकरणों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात यातायात जागरूकता ‘अंजोर रथ’ एवं बाइक रैली को श्री अटामी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी भाग लेकर सडक़ सुरक्षा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर,उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, उपाध्यक्ष गुप्त कैलाश मिश्रा,गौरव पाटले और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थी।


