दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 18 फरवरी। जनपद पंचायत कटेकल्याण के ग्राम पंचायत गुड़से में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का बुधवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा माँ दंतेश्वरी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर की गई।
इस दौरान ग्रामीणों द्वारा मांगो - शिकायतों से संबंधित विभिन्न विभागों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान कुल 190 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा समय सीमा के भीतर कार्यवाही की जा रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म संपन्न कराई गई तथा शिशुवती माताओं के साथ आए बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने वीबीजीआरएमजी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित जानकारी दी तथा पाम्पलेट वितरित कर ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया। शिविर में 40 नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 13 नए बैंक खाते खोले गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 33 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराकर लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और सीईओ जनपद पंचायत प्रमुख रूप से मौजूद थे।


