दन्तेवाड़ा

बस्तर पंडुम से संस्कृति की रक्षा- विधायक
02-Apr-2025 4:40 PM
बस्तर पंडुम से संस्कृति की रक्षा- विधायक

तीन दिवसीय संभाग स्तर बस्तर पंडुम शुरू

दंतेवाड़ा, 2 अप्रैल। दंतेवाड़ा में संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। इस दौरान बस्तर की अद्भुत सभ्यता और संस्कृति को बचाने अपील की। 
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी ने बस्तर आराध्य दंतेश्वरी देवी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा द्वारा विधायक चैतराम का स्वागत किया गया। इसके उपरांत स्वागत की दीर्घ श्रृंखला में समस्त जन प्रतिनिधियों का जिला प्रशासन द्वारा पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया।

विधायक द्वारा स्टालों का जायजा विधायक चैतराम द्वारा परिसर में विभिन्न जिलों के स्टालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों के स्टॉल का अवलोकन किया। विधायक द्वारा व्यंजन पेय पदार्थों का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की।  उल्लेखनीय है कि समारोह परिसर में बस्तर संभाग अंतर्गत सभी जिलों के व्यंजन, पकवान, आभूषण, खाद्य पदार्थों पेय पदार्थों, हथियारों और वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी सजाई गई है।

मुख्य अतिथि विधायक चैतराम ने बस्तर की सभ्यता को सर्वश्रेष्ठ बताया। उन्होंने नई पीढ़ी से बस्तर की संस्कृति को बढ़ाने की अपील की। विधायक ने राज्य शासन के मुखिया विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। जिसके फलस्वरुप बस्तर पंडुम का अभूतपूर्व और ऐतिहासिक आयोजन संभव हो सका।

समारोह के अध्यक्ष जिला पंचायत नंदलाल मुडा़मी ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर छाप छोडऩे वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व समय की आवश्यकता है। आज सोशल मीडिया में बस्तर पंडुम सर्वत्र नजर आ रहा है। हम सभी को पूर्वजों की विरासत को संजोकर रखना चाहिए।

समारोह को जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, सदस्य रामू नेताम और कमला नाग ने भी संबोधित किया। स्वागत प्रतिवेदन सहायक आयुक्त  केएस मसराम ने दिया। इस दौरान अध्यक्ष विशिष्ट अतिथि पायल गुप्ता, कैलाश मिश्रा, रजनीश सुराना, शकुंतला मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट