आयुष कॉलेज ऑफ नर्सिंग में देशभर के विशेषज्ञों ने रखे विचार, विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने लिया हिस्सा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 21नवंबर। आयुष कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बिलासपुर में स्वास्थ्य सेवाओं में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका, इसके लाभ, जोखिम और नैतिक जिम्मेदारी को लेकर द्वितीय राष्ट्रीय स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 17 नवंबर को आयोजित इस कार्यशाला में देश एवं प्रदेश के नर्सिंग शिक्षाविदों और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों ने डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर विचार साझा किए।
कार्यशाला का मुख्य विषय स्वास्थ्य सेवाओं में सोशल मीडिया के माध्यम से व्यावसायिक कार्यप्रणाली में बदलाव तथा जोखिम, लाभ और नैतिक जवाबदेही के बीच संतुलन स्थापित करना था।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य नर्सेस पंजीयन परिषद की रजिस्ट्रार लक्ष्मी साहू तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलसचिव दिनेश कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं स्वास्तिक अस्पताल, तोरवा, बिलासपुर के संचालक डॉ. अभिषेक मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में जबलपुर नर्सिंग विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान की प्राचार्य डॉ. प्रिंसी शाजी ने स्वास्थ्य सेवाओं में व्यावसायिक पहचान, संपर्क और विकास में सोशल मीडिया की भूमिका पर व्याख्यान दिया। शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, बिलासपुर की प्राचार्य डॉ. वार्तिका गौराहा ने स्वास्थ्य सेवाओं के भविष्य को आकार देने में सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों की भूमिका पर विचार रखे।
इसी क्रम में पीजी नर्सिंग महाविद्यालय, भिलाई की प्रोफेसर डॉ. सीमा संतोष ने स्वास्थ्य सेवाओं में सोशल मीडिया के लाभ, चुनौतियों और नैतिक जोखिमों की जानकारी दी। वहीं शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, दुर्ग की प्रोफेसर सपना ठाकुर ने नर्सिंग कार्यप्रणाली में डिजिटल स्वास्थ्य बदलाव, सुरक्षित डिजिटल उपयोग, नीति निर्माण और नैतिक जवाबदेही के विषय पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला में ‘स्क्रॉल, शेयर, केयर ’ विषय पर विशेष प्रस्तुति के साथ पोस्टर मूल्यांकन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसमें बड़ी संख्या में नर्सिंग विद्यार्थियों एवं स्वास्थ्य पेशेवरों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को सतत नर्सिंग शिक्षा के अंतर्गत प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। इसके साथ ही उन्हें व्यावसायिक पंजीयन के नवीनीकरण में उपयोगी शैक्षणिक क्रेडिट प्राप्त करने का अवसर मिला।
समापन अवसर पर आयुष कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संचालक विशाल दीक्षित ने कहा कि डिजिटल युग में नर्सिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के लिए सोशल मीडिया का सुरक्षित, जिम्मेदार और नैतिक उपयोग समझना जरूरी है। ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों को बदलते स्वास्थ्य सेवा परिवेश के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
अंत में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रेसी अजो ने अतिथियों, विषय विशेषज्ञों, निर्णायकों, विद्यार्थियों एवं नर्सिंग पेशेवरों के प्रति आभार व्यक्त किया।