बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 11 नवंबर। रतनपुर सर्व यादव समाज के द्वारा मंगलवार को गोवर्धन पूजा बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संपन्न हुई।
पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गोवर्धन महाराज का भव्य श्रृंगार किया गया। अन्नकूट का भोग लगाया गया और विधिवत हवन-पूजन के साथ समाज, नगर और प्रदेश की खुशहाली की कामना की गई। पूरे वातावरण में ‘गोवर्धन महाराज की जय’ के जयकारे गूंजते रहे।
इस अवसर पर सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु एवं सर्व यादव समाज के प्रदेश महामंत्री मनोज यादव , समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पूजा में शामिल हुए।
पूजा के सफल आयोजन में यादव महिला समाज प्रकोष्ठ और युवा यादव समाज प्रकोष्ठ ने मिलजुल कर अहम योगदान दिया। महिला प्रकोष्ठ की महिलाओं ने पूजा की तैयारियों, 56 भोग-प्रसाद और व्यवस्था को संभाला, वहीं युवा प्रकोष्ठ के युवाओं ने अन्नकूट भोजन प्रसाद की व्यवस्था की। यादव समाज कल्याण समिति ने मंच व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, यह प्रकृति, गौ-सेवा, अन्न और परिश्रम के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी, उसी परंपरा को आज भी यादव समाज पूरी श्रद्धा और एकता के साथ निभा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रदेशवासियों, नगरवासियों और समाज की खुशहाली, प्रगति और भाईचारे की कामना की। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।