बिलासपुर

अवैध रेत खुदाई,जेसीबी ऑपरेटर को 3 साल कैद
17-Oct-2026 9:02 PM
अवैध रेत खुदाई,जेसीबी ऑपरेटर को 3 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 अक्टूबर। अरपा नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन करने के मामले में अदालत ने जेसीबी ऑपरेटर को तीन साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई है। आरोपी पर कुल 26 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। 

खनिज प्रशासन के उप संचालक के अनुसार, कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर 15 जून 2025 से जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया था। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में जिले के अलग-अलग थानों में 66 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।

इसी अभियान के तहत 17 जून 2025 को नगोई घाट पर अरपा नदी से अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए जेसीबी पकड़ी गई थी। मशीन को बेलगहना पुलिस चौकी के सुपुर्द किया गया था।

इस मामले में कोटा के कारी रोड स्थित डाक बंगला क्षेत्र निवासी अनिल कुमार गौलिया, पिता तिलक राम गौलिया, के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। खनिज एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम से जुड़े मामलों के विशेष न्यायाधीश ने शुक्रवार को आरोपी को दोषी ठहराया।

भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत तीन साल की सश्रम कैद के साथ एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4(1), 4(1 ए) और 21 के तहत 25 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया।


अन्य पोस्ट