‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 25 अक्टूबर। संभाग मुख्यालय स्थित राजीव भवन में रविवार को कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप एवं कोंडागांव के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा चुनावी अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच की मांग की।
पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा केवल मौजूदा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया तक सीमित नहीं है। कांग्रेस लंबे समय से मतदाता सूची में नाम जोडऩे और हटाने, दोहरे पंजीकरण, ईवीएम-वीवीपीएट की कार्यप्रणाली तथा चुनावी आंकड़ों की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने संवैधानिक मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल रहा है या नहीं और चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराए जा रहे हैं या नहीं।
श्री कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने विभिन्न चुनावों के दौरान मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों और कथित अनियमितताओं को सार्वजनिक करते हुए जवाबदेही की मांग की है। महाराष्ट्र, कर्नाटक के महादेवपुरा एवं आलंद और हरियाणा से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के आंकड़े पारदर्शी और मशीन-पठनीय प्रारूप में उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि राजनीतिक दल और नागरिक स्वतंत्र रूप से उनका सत्यापन कर सकें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोडऩे और हटाने की प्रक्रिया स्पष्ट होनी चाहिए। यदि किसी क्षेत्र में गंभीर विसंगतियां सामने आती हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। कांग्रेस का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना और चुनावी व्यवस्था में जनता का विश्वास कायम रखना है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर वोट की सुरक्षा आवश्यक है। चुनाव आयोग को मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका होने पर संबंधित आंकड़े सार्वजनिक किए जाने चाहिए और प्रभावित नागरिकों को शिकायत, सुधार तथा अपील का उचित अवसर मिलना चाहिए।
मतलाम ने बताया कि कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा। बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन, गांवों में चौपाल और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से मतदाताओं की समस्याओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का दस्तावेजीकरण करेंगे और लोगों को नाम में सुधार कराने तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपील करने में सहयोग देंगे।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के प्रबंधन और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, स्ढ्ढक्र प्रक्रिया को स्थगित करने और मतदाता सूची में कथित गंभीर विसंगतियों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग दोहराई।
कांग्रेस ने मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक करने, राजनीतिक दलों को समय पर उपयोगी डिजिटल आंकड़े उपलब्ध कराने और जिन मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं, उन्हें इसकी स्पष्ट सूचना देने की मांग की। पार्टी का कहना है कि प्रत्येक प्रभावित मतदाता को अपने नाम हटाए जाने के निर्णय को चुनौती देने और नाम बहाल कराने का प्रभावी अवसर मिलना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है। चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए शिकायतों की निष्पक्ष जांच तथा संबंधित रिकॉर्ड सार्वजनिक करना जरूरी है।
कांग्रेस के अनुसार, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के अगले चरण में जिला एवं राज्य स्तर पर प्रेसवार्ताएं, बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन और गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं को सामने लाना तथा नागरिकों को अपने मताधिकार की रक्षा के लिए जागरूक करना है।
कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बहाल करने के लिए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, मतदाता सूची के नियमित सत्यापन और गंभीर शिकायतों की स्वतंत्र जांच को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महामंत्री अभिषेक नायडू, सुभाष गुलाटी, रविशंकर तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, बालेश दुबे, सुनीता सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा, चुनावी पारदर्शिता और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही के मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा।