बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 अक्टूबर। नगर पालिका निगम जगदलपुर में गुरुवार को महापौर संजय पांडे एवं निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन की उपस्थिति में मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर की स्वच्छता, सडक़ चौड़ीकरण, विकास कार्यों और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। दलपत सागर रोड पर मलबा डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही, ऐसे लोगों की सूचना नगर निगम को देने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करने की पहल भी की जाएगी। निगम के इस कदम का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर मलबा डालने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
बैठक में नगरोत्थान योजना के तहत शहर के विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इनमें लाल चर्च से नगर निगम कार्यालय होते हुए बस स्टैंड रोड तक, नयामुंडा रोड से साकेत कॉलोनी तक, डीजे कोर्ट से चांदनी चौक होते हुए सिटी ग्राउंड तक तथा छत्रपति शिवाजी वार्ड में पुराने पंचायत कार्यालय से डॉक्टर पाढ़ी हाउस तक सडक़ चौड़ीकरण के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा माता गुड्डी से एमपीएम हॉस्पिटल तक सडक़ चौड़ीकरण के लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।
बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य का प्रस्ताव शासन को भेजने पर विचार किया गया।
शहर के सभी वार्डों में नाली, सडक़, पुलिया, सामुदायिक भवन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने पर भी चर्चा हुई। वहीं, नगर निगम की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 15वें वित्त आयोग की राशि से पांच मिनी टिप्पर वाहन खरीदनेन्यूज़ के प्रस्ताव पर विचार किया गया। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की स्वीकृति से संबंधित विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे।
एमआईसी की बैठक में सदस्य निर्मल पानीग्राही, लक्ष्मण झा, सुरेश गुप्ता, राणा घोष, श्वेता बघेल, त्रिवेणी रंधारी, कलावती कसेर, योगेंद्र पांडे, संग्राम सिंह राणा एवं संजय विश्वकर्मा सहित निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।