‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 फरवरी। भाजपा लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक लेने सरगुजा लोकसभा क्लस्टर प्रभारी व बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने रविवार को अंबिकापुर नगर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा पूरे देश में तैयारी में जुटी हुई है। सरगुजा में भी प्रारंभिक बैठक में क्षेत्रीय संगठन प्रभारी अजय जामवाल व संगठन मंत्री पवन सिंह यहां आए थे और कुछ काम तय किए थे, उसी की समीक्षा की गई है।
श्री अग्रवाल ने कहा लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए गए कार्य प्रमुख मुद्दा होगा। छत्तीसगढ़ में नई सरकार आई है, सरकार चुनाव के पूर्व मोदी गारंटी 2023 के तहत जनता के समक्ष जो वादा किया था सारे प्रमुख वादों को बजट में शामिल किया गया है। सबसे बड़ा वादा सरकार बनने के बाद स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी के जयंती के अवसर पर किसानों को बोनस देकर कर दिया गया है, इसके अलावा जितने भी प्रमुख वादे बचे हैं उनका बजट में समावेश किया गया है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी छत्तीसगढ़ में 11 की 11 लोकसभा सीट को जीतने के लक्ष्य लेकर चल रही है। हम कार्यकर्ता आधारित पार्टी हैं हमारा मूल मंत्र संपर्क, संवाद, परिश्रम है। इसी को लेकर सारे मुद्दे पर विचार-विमर्श किया गया। हम लोग निरंतर अभियान में है कि सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर सहित सभी लोस सीट जितना है। इसके लिए कल कोरबा में मीटिंग भी आयोजित की गई है, जिसकी बैठक चिरमिरी में होगी।
वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछा गया कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज को सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल और मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए मात्र 50 लाख रुपए बजट में प्रावधान किया गया है, ऐसे में यह कैसे संभव होगा?
इस पर श्री अग्रवाल ने कहा कि राशि महत्वपूर्ण नहीं है महत्वपूर्ण यह है कि उस कार्य को बजट में शामिल किया गया है या नहीं। अगर बजट में समावेश होगा तो आगे डीपीआर, टेंडर वह प्रशासनिक स्वीकृति के बाद जितनी भी राशि होगी मिलेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार सारे मेडिकल कॉलेज को पूर्ण रूप से विकसित करने का लक्ष्य लेकर चल रही है, भले ही विरासत में खाली खजाना क्यों ना मिला हो।
5 सीटों पर प्रत्याशियों की जल्द होगी घोषणा
वार्ता के दौरान श्री अग्रवाल से पूछा गया कि सरगुजा में भाजपा किसी विधायक को चुनाव लड़ाएगी या नए चेहरे पर दावा खेलेगी? प्रश्न के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों का चयन पार्लियामेंट बोर्ड करती है। सरगुजा से रेणुका सिंह, रायगढ़ से गोमती साय व बिलासपुर से अरुण साव सांसद से विधायक बन चुके हैं। इसके अलावा हम बस्तर और कोरबा हार गए थे, इसलिए पार्टी इन पांचों सीट पर शीघ्र ही प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। हमारी एक पैनल दिल्ली गई हुई है। कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर जल्द ही घोषणा कर दी जाएगी। मां महामाया एयरपोर्ट को अब तक लाइसेंस नहीं मिलने के प्रश्न पर श्री अग्रवाल ने कहा कि हम अभी सरकार में आए हैं, सवाल उनसे कीजिए जो महत्वपूर्ण पदों पर 5 साल तक रहे हैं, उनके सुस्त रवैया के कारण लाइसेंस अब तक नहीं मिल पाया है। हमारे द्वारा लाइसेंस के लिए प्रयास किया जा रहा है।
जहां-जहां राहुल गांधी गए बंटाधार हुआ
वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी की न्याय यात्रा रायगढ़, सरगुजा बलरामपुर से गुजरने और इसका क्या प्रभाव लोस चुनाव पर पड़ेगा के प्रश्न पर श्री अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी का जहां-जहां गए है बंटाधार हुआ है। अभी सरगुजा में 1 लाख 82 हजार से आगे हैं उनके आने के बाद आंकड़ा और बढ़ेगा।
वार्ता में बैठे लुन्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने भी उनके न्याय यात्रा पर चुटकी लेते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी जी की आमसभा कतकालो में हुई थी यहां से भाजपा 825 वोट से और इसके अलावा वहीं पास में ही कंठी से 1118 वोट से लीड भाजपा ने किया था, यह राहुल गांधी का प्रभाव है।
वार्ता के दौरान सरगुजा संभाग प्रभारी राजा पांडे, अंबिकापुर लोस प्रभारी लखन साहू, संयोजक कमलभान सिंह मरावी, पूर्व गृहमंत्री राम सेवक पैकरा, कृष्णा राय विधायक अंबिकापुर राजेश अग्रवाल,चंपा देवी पावले, लुन्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह सहित अन्य मौजूद थे।