‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 फरवरी। विष्णुदेव साय सरकार का पहला बजट शुक्रवार को विधानसभा में पेश किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का पहला बजट 1.47 लाख करोड़ का बजट पेश किया है। इस बजट को लेकर सरगुजा के नेताओं ने अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया व्यक्त की है...

विकास के नए द्वार खुलेंगे-अनुराग सिंह देव
बजट को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि केंद्रीय रेल मंत्रालय द्वारा 2018 में स्वीकृत नागपुर- चिरमिरी नई रेलवे लाइन हेतु छत्तीसगढ़ राज्य की अंश राशि 120.5 करोड़ को आज छत्तीसगढ़ बजट में स्वीकृत कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि से ब्रिटिश काल में स्वीकृत चिरमिरी- बरवाडीह रेल लाइन का यह हिस्सा चिरमिरी से सीधे नहीं जुड़ रहा था, जिस कारण से मनेन्द्रगढ़ एवं चिरमिरी की सबसे पुरानी रेल लाइन एवं अंचल का विकास प्रभावित हो रहा था। इस रेल लाइन के जुडऩे से कोयला की समाप्ति पर उजड़ते चिरमिरी एवं चिरमिरी- की रेल सुविधाओं का विकास होगा एवं विकास के नए द्वार खुलेंगे। इस रेल लाइन के बनने से वर्तमान में अंबिकापुर से चलने वाली सभी ट्रेन चिरमिरी को मिल जाएगी एवं चिरमिरी से चलने वाली समस्त ट्रेन अंबिकापुर के यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी। चिरमिरी-अनूपपुर, चिरमिरी-रीवा, चिरमिरी-बिलासपुर, चिरमिरी-कटनी, चिरमिरी-चंदिया ट्रेन भी इस लाइन के बन जाने से अंबिकापुर से संचालित की जा सकेगी।
भविष्य में यह रेल लाइन अंबिकापुर-बरवाडीह की नई रेल लाइन से जुडक़र मुंबई- कोलकाता की सबसे कम दूरी की रेल लाइन बनेगी। जिसका फायदा भविष्य में इस अंचल के व्यापार एवं विकास को मिलेगा।

जनता के विश्वास को पूर्ण करने वाला बजट - राजेश अग्रवाल
अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल ने प्रदेश सरकार के बजट को छत्तीसगढ़ के चौमुखी विकास के लिए बेहतर बजट कहा है। उन्होंने कहा कि इस बजट में सभी पहलु को शामिल किया गया है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी, पेयजल अधोसंरचना सहित समाज के अंतिम व्यक्ति तक चिंता पर बल दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरगुजा से लेकर बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के संपूर्ण विकास की दस्तावेज का प्रस्तुतिकरण विधानसभा के पटल में रखा गया है। हम अपने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाते हैं कि विकास के माध्यम से हर क्षेत्र में तस्वीर व तकदीर बदलेंगे।
आगे उन्होंने कहा कि सरकार के पहले बजट में सरगुजा संभाग को कई बड़ी सौगातें मिली है अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज को एम्स के रूप में विकसित करने के लिए 50 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है अंबिकापुर में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनेंगे।
बजट पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अंबिकापुर के दरिमा में तैयार मां महामाया एयरपोर्ट के लिए बजट में राशि का प्रावधान किया गया है, एयरपोर्ट का विस्तार कार्य पूर्ण हो चुका है और अभी लाइसेंसिंग प्रक्रिया जारी है, और शीघ्र ही एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में तैयार व वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट को प्रखरता से प्रस्तुत किया है। इसके लिए राजेश अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया है।

विश्वास को पूर्ण करने वाला बजट- ललन प्रताप
सरगुजा भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने प्रदेश सरकार की बजट को विकसित छत्तीसगढ़ के लिए बेहतर बजट बताया है। छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए इस बजट में हर पहलु को ध्यान दिया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी, पेयजल अधोसंरचना सहित समाज के अंतिम व्यक्ति तक चिंता की गई है। उन्होंने कहा कि बस्तर से लेकर सरगुजा व पूरे छत्तीसगढ़ के संपूर्ण विकास की दस्तावेज का प्रस्तुतिकरण विधानसभा के पटल में रखा गया है। यह बजट हर क्षेत्र में तस्वीर व तकदीर बदलेंगे।

बजट में समाज के हर वर्ग की चिंता-ओम प्रकाश जायसवाल
भाजपा जिलाध्यक्ष बलरामपुर ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि सर्वहारा सर्वसेहमत वाला बजट है , यही मोदी जी की गारंटी है। जिसके लिए हम सब तनम्यता से जुटे हुए हैं। इस बजट में समाज के हर वर्ग की चिंता की गई है। इस परिकल्पना के साथ हम विकास की हर संभावाओं के लिए जुटेंगे। यह बजट तकनीकी संसाधनों को प्रोत्साहित कराने वाला होगा, जिससे हम नवीन संसाधनों के साथ विकास के नए आयामों को छू पाएंगे। बुनियादी ढांचे के विकास के साथ जनता पर किसी प्रकार का कोई भार नहीं होगा ।

अमृत काल की नींव का बजट-बाबूलाल
सूरजपुर भाजपा जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार ने अमृत काल की नींव का बजट पेश किया है। यह बजट गरीब , युवा , अन्नदाता और नारी की समृद्धि के साथ पूंजीगत व्यय बढ़ाकर अधोसंरचना विकास को प्रोत्साहित करने और राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

सर्वांगीण वर्ग के विकास का बजट-अम्बिकेश
सरगुजा भाजपा जिला उपाध्यक्ष अम्बिकेश केसरी ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह मोदी की गारंटी का बजट है। प्रदेश के सर्वांगीण विकास की रूपरेखा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट में रखी है, बजट में प्रदेश के किसानों, युवाओं, मातृ शक्ति को केंद्रित कर सभी के विकास की संभावनाओं को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया है। प्रदेश की जनता पर कोई नया कर नहीं, कोई भार नहीं है। छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया था, उनके भरोसे पर खरा उतरने की चेष्टा इस सर्वांगीण वर्ग के विकास के बजट में दिखाई देती है।

छत्तीसगढ़ आर्थिक सलाहकार का गठन स्वागत योग्य-आलोक दुबे
बजट पर प्रतिक्रिया देते भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि बजट ऐतिहासिक है। बजट में कोई नया कर नहीं नाही टैक्स में कोई वृद्धि की गई है। नगरीय निकाय के लिए 1002 करोड़ विशेष तौर पर स्लम एरिया के लिए 300 करोड़ से शहरों की स्थिति सुधरेगी। छत्तीसगढ़ आर्थिक सलाहकार का गठन स्वागत योग्य है। अब परीक्षार्थी और सरकारी भर्तियों में सीबीआई जांच होने से कसावट आएगी भ्रष्टाचार रुकेगा, गांव गांव घर-घर जल पहुंचने के लिए जल जीवन मिशन के लिए बजट में 4500 करोड़ की व्यवस्था स्वागत योग्य है। इससे सभी गांव में शुद्ध पेयजल मिलेगा।

किसान, युवा, महिला, के लिए अलग से बजट में व्यवस्था-आकाश
भाजपा किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ प्रदेश मंत्री आकाश गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 2024 के लिए बजट पेश किया गया इस बजट में सभी वर्ग के लोगों को विशेष ध्यान दिया गया है मैं इस बजट का स्वागत करता हूं और विष्णु देव सरकार को धन्यवाद देता हूं कि बजट में किसान, युवा, महिला, के लिए अलग से बजट में व्यवस्था किया है जो स्वागत योग है और इस बजट में किसानों के उन्नत के लिए 10000 करोड़ का बजट रखा है जो कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में सबसे बड़ा बजट है बजट में सरगुजा संभाग का विशेष ध्यान दिया गया है इसके लिए पूरे सरगुजा बाकियों की तरफ से मैं छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज को एम्स के तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की जो संभाग के नागरिकों लिए बहुत ही लाभदायक साबित होगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा किसानों का बकाया बोनस राशि देने की घोषणा की।

किसान और युवाओं के हित का बजट-मनोज गुप्ता
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री मनोज गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ 2024- 25 का बजट मोदी की गारंटी वाला बजट है। यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने वाला बजट है यह बजट किसान और युवाओं के हित का बजट है।

आर्थिक विकास की दृष्टि से सरगुजा को मजबूत करने का संकल्प-विनोद हर्ष
छत्तीसगढ़ बजट 2024 को गरीब युवा किसान व नारी के उत्थान में समर्पित बजट बताते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष ने कहा कि राजकीय खजाना खाली होने के उपरांत भी सभी क्षेत्रों में इतनी बड़ी राशि का प्रावधान व 5 वर्षों में जीडीपी को दुगना करने का लक्ष्य मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री की प्रबंधन दूरदर्शिता का प्रमाण है। आर्थिक विकास की दृष्टि से सरगुजा को मजबूत करने के संकल्प का बजट में विशेष उल्लेख सरगुजा वासियों के लिए सुखद निर्णय है जिला चिकित्सालय व मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर को एम्स के स्तर की स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने की दृष्टि से 50 करोड रुपए का प्रावधान कृषि संवर्धन की दृष्टि से कृषि यंत्री कार्यालय का प्रावधान सहित सिंचाई आधारभूत संरचना पर्यटन विद्युत सौर ऊर्जा शिक्षा व अन्य कल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में बजट द्वारा किए गए प्रावधान भविष्य में एक विकसित व कल्याणकारी छत्तीसगढ़ की रूपरेखा को प्रस्तुत करता है।

विकास के लिए नीव का पत्थर - विश्व विजय सिंह तोमर
भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार का पहला बजट छत्तीसगढ़ के विकास के लिए नीव का पत्थर साबित होगा। युवाओं के सुनहरे भविष्य को गढऩे की तैयारी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं रोजगार के ऊपर विशेष ध्यान दिया गया है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी को पूरा करने वाला यह बजट होगा।
सरगुजा संभाग में विभिन्न कार्यों के लिए भरपूर जगह मिली है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल को एम्स की तर्ज पर सुपर स्पेशलिटी बनाने के लिए किया गया प्रावधान स्वागत योग्य है।

जन हितैषी बजट- संजीव
भाजपा ओबीसी मोर्चा सरगुजा जिला मंत्री संजीव सेठ ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2024 को जन हितकारी बजट बताया और कहा कि हाथी मानव द्वंद से बचाव के लिए रैपिड रिस्पांस टीम के लिए 20 करोड़ का प्रावधान सरगुजा संभाग के लिए सौगात है.और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए शानदार ऐतिहासिक बजट है जिसमें जनहित में मुख्य प्रावधान प्रत्येक परिवारों को प्रतिवर्ष 10000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 500 करोड़ का प्रावधान। अटल श्रम शक्ति योजना के लिए 123 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान।श्रमेव जयते पोर्टल के विकास के लिए 2 करोड रुपए प्रावधान।छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए 1 करोड़ 50 लाख। कुल मिलाकर बहुत ही अच्छा जनहितकारी बजट है।

नए छत्तीसगढ़ के नींव का पहला बजट-शुभम अग्रवाल
व्यापारी संगठन कैट के प्रदेश मंत्री, भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष व अग्रवाल सभा के उपाध्यक्ष शुभम अग्रवाल ने बजट पर कहा कि अमृतकाल के रूप में पेश किया गया। इस सरकार का पहला बजट नए छत्तीसगढ़ के नींव का बजट है। बजट गरीब,युवा,महिला,किसान की समृद्धि व विकास को प्रोत्साहित करने एवं राज्य के युवाओं के लिए रोजगार व आजीविका को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
बजट ‘मोदी की गारंटी ’ के तहत वादों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य की जीडीपी को दोगुना करने का लक्ष्य भी स्वागत योग्य है। बजट में सभी वर्गों के साथ साथ अंतिम व्यक्ति के समग्र विकास का ध्यान रखा गया है।रामलला के दर्शन से लेकर व्यक्ति हेतु बहुउपयोगी स्वास्थ्य, शिक्षा, जल, संस्कृति, सडक़, मकान व आमदनी को भी ध्यान में रखकर बजट पेश किया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ नए छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते दिखाई दे रहा है।