‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 सितंबर। राज्य सरकार चुनाव से पहले चालू वित्तीय वर्ष के लिए एक हजार करोड़ का कर्ज लेने जा रही है। वित्त वर्ष की पहली छमाही में यह कर्ज लेने सरकार ने अपनी प्रतिभूतियों को नीलाम करने का फैसला किया है। इन प्रतिभूतियों की नीलामी से मिलने वाले 1000 करोड़ सात वर्ष में चुकाएगी। आरबीआई 21 सितंबर को अपने ई- कुबेर के जरिए आनलाइन नीलाम करेगा। हालांकि छत्तीसगढ़ समेत 12 और राज्य कर्ज ले रहे है। इनमें एमपी, पंजाब को पहली बार कोई कर्जदाता न मिलने से 21 को दोबारा नीलाम किया जा रहा है। कर्जदार न मिलने के पीछे राज्य की कमजोर आर्थिक स्थिति को माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार ने यह कर्ज अपने रूटिन खर्च, और कैश बैलेंस के लिए लेना बताया गया है। वैसे सरकार इस वर्ष 13 हजार करोड़ तक का कर्ज ले सकती है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ पर विभिन्न वित्तीय संस्थानों से लिए गये 82 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है। इस वर्ष का बजट पेश करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने विधानसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि जनवरी 2023 की स्थिति में राज्य सरकार पर 82.125 करोड़ रुपए का ऋण है। सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि जनवरी 2019 से जनवरी 2023 तक औसत प्रतिमाह 460 करोड़ रुपए ब्याज का भुगतान किया गया। दिसंबर 2018 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद विभिन्न संस्थाओं से राज्य के विकास के लिए जनवरी 2019 से इस वर्ष जनवरी तक 54,491.68 करोड़ रुपए का ऋण लिया गया है।
वित्तीय स्थिति
मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना चार चुनावी राज्य हैं जो इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव के लिए तैयार होंगे. इन चार राज्यों की वित्तीय स्थिति की जांच करने के लिए बीटी रिसर्च ब्यूरो ने इकोनॉमी की साइज, प्रति व्यक्ति आय, राज्य ऋण, टैक्स रेवेन्यू, कैपिटल एक्पेंडिचर और राजकोषीय घाटे के आंकड़ों जैसे प्रमुख मापदंडों की एक सूची तैयार की है।
ग्रॉस स्टेट डॉमेस्टिक प्रोडक्ट
भारतीय रिजर्व बैंक की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इन राज्यों के बजट और आर्थिक सर्वेक्षणों से पता चलता है कि मौजूदा कीमतों पर वित्त वर्ष 23 में 14.13 लाख करोड़ रुपये की ग्रॉस स्टेट डॉमेस्टिक प्रोडक्ट के साथके साथ राजस्थान इन चार राज्यों में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. इसके बाद तेलंगाना का 13.27 लाख करोड़ रुपये, मध्य प्रदेश का जीएसडीपी 13.23 लाख करोड़ रुपये और छत्तीसगढ़ का जीएसडीपी 4.38 लाख करोड़ रुपये है।
कैपिटल एक्सपेंडिचर (कैपेक्स)
स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, पुलों, सडक़ों, हवाई अड्डों आदि के निमार्ण में खर्च होने वाली राशि को कैपिटल एक्सपेंडिचर माना जाता है. वित्तीय वर्ष 23 में 45,685 करोड़ रुपये के कैपेक्स के साथ मध्य प्रदेश चारों राज्यों में टॉप पर है. ये मध्य प्रदेश के कुल खर्च का18.4 फीसदी है. इसके बाद छत्तीसगढ़ 15,241 करोड़ रुपये (कुल खर्च का 14.7 प्रतिशत), तेलंगाना का कैपेक्स 29,728 करोड़ रुपये (कुल खर्च का 11.6 फीसदी) और राजस्थान का कैपेक्स 24,152 करोड़ रुपये है, जो उसके कुल खर्च का 10.3 फीसदी है. हाई कैपेक्स इस बात के संकेत देता है कि राज्य अधिक विकास के कार्य करने में सक्षम है।
प्रति व्यक्ति आय
प्रति व्यक्ति आय त्रस्ष्ठक्क की तुलना में राज्य के वेल्थ का बेहतर संकेत देती है. वित्त वर्ष 23 में आय के मामले में तेलंगाना 3.17 लाख रुपये के साथ इस सूची में सबसे अमीर राज्य है. इसके बाद राजस्थान 1.56 लाख रुपये, मध्य प्रदेश 1.41 लाख रुपये और छत्तीसगढ़ में प्रति व्यक्ति आय 1.34 लाख रुपये रही है।
रेवेन्यू
इन चारों राज्यों में रेवेन्यू के मोर्चे पर 1,95,179 करोड़ रुपये के साथ मध्य प्रदेश टॉप पर है. इसके बाद तेलंगाना 1,93,029 करोड़ रुपये, राजस्थान 1,83,920 करोड़ रुपये और छत्तीसगढ़ ने 89,073 करोड़ रुपये का राजस्व वित्त वर्ष 23 में प्राप्त किए.
जीएसडीपी के अनुपात में कर्ज
राज्य के सकल घरेलू उत्पाद की तुलना में छत्तीसगढ़ पर सबसे कम कर्ज है. छत्तीसगढ़ पर जीएसडीपी के अनुपात में 17.9 फीसदी कर्ज है. इसके बाद तेलंगाना (24.7 प्रतिशत), मध्य प्रदेश (26.3 प्रतिशत) और राजस्थान पर जीएसडीपी के अनुपात में 38 फीसदी कर्ज है. जीएसडीपी के अनुपात में अधिक कर्ज राज्य के वित्तीय हेल्थ के लिए ठीक नहीं है. क्योंकि कर्ज के ब्याज के भुगतान के बाद राज्य के पास विकास कार्यों के लिए कम संसाधन बचते हैं।
राजकोषीय घाटा
राजकोषीय घाटा तब उत्पन्न होता है जब किसी सरकार का खर्च उसके राजस्व से अधिक होता है. फिर इस अंतर को पाटने के लिए राज्य सरकार को कर्ज लेना पड़ता है. छत्तीसगढ़ का सबसे कम राजकोषीय घाटा 14,600 करोड़ रुपये है, जो कि इसके जीएसडीपी का 3.33 फीसदी है. इसके बाद तेलंगाना का राजकोषीय घाटा 52,167 करोड़ रुपये (इसके जीएसडीपी का 3.93 प्रतिशत) है. मध्य प्रदेश का राजकोषीय घाटा 52,511 करोड़ रुपये (इसके जीएसडीपी का 4 प्रतिशत) है और सबसे अधिक राजस्थान का राजकोषीय घाटा 58,212 करोड़ रुपये (इसके जीएसडीपी का 4.12 प्रतिशत) है।
प्रतिबद्ध खर्च
प्रतिबद्ध खर्च के दायरे में सैलरी और वेजेस, पेंशन और ब्याज भुगतान आते हैं. यानी सरकार को ये खर्च किसी भी हाल में करने जरूरी हैं. अगर इसमें बढ़ोतरी होती है, तो विकास कार्यों के लिए वित्तीय स्पेस कम हो जाता है. मध्य प्रदेश इस सूची में सबसे आगे है क्योंकि प्राप्त रेवेन्यू के मुकाबले इसका प्रतिबद्ध खर्च सबसे कम (42.1 प्रतिशत) है, जबकि छत्तीसगढ़, तेलंगाना और राजस्थान ने क्रमश: 46.3 प्रतिशत, 48.6 प्रतिशत और 69.2 प्रतिशत खर्च किया है।