‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जनवरी। नव वर्ष पर दरम्यानी रात से शुरू हुआ जश्न अपने अपने ढंग से गुरुवार को दिनभर जारी रहा। बहुसंख्य लोगों ने मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्चों में विशेष प्रार्थना दर्शन के साथ साल की शुरूआत की। वहीं सरकारी और निजी दफ्तरों में जहां केक काटकर लोगों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कर नए वर्ष में सफलता, स्वस्थ जीवन की बधाई दी। कई अन्य परिजनों को फोन, वाट्सएप फेसबुक, इंस्टाग्राम पर हैप्पी न्यू ईयर के संदेशों में व्यस्त रहे।
वहीं युवा खासकर कालेज विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं ने गार्डन, में सेलिब्रेट किया। मोतीबाग, गांधी उद्यान,नवा रायपुर का जंगल सफारी, अटारी के नंदन वन, के साथ माल आईनाक्स,पीवीआर में भी नजर आए। तो कुछ अन्य ने अलग तरह से मनाया। मार्निंग वॉकर बुजुर्गों ने गांधी उद्यान में करावके आर्कैस्ट्रा पर अपनी पसंद के गीत भजन गाकर नए वर्ष की पहली सुबह को सेलिब्रेट किया। वहीं रेल कर्मियों ने डीआरएम आफिस में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के साथ केक काट कर नव वर्ष की बधाई दे मुंह मीठा किया।
श्रीजी का अभिषेक शांति धारा
श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर मालवीय रोड में नववर्ष 2026 का प्रथम दिन भक्ति भाव से श्रीजी का अभिषेक शांति धारा पूजन कर मनाया गया। महावीर ज्ञान विद्या संघ के मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया किप्रात: 8 बजे श्रावक गणों ने श्रीजी को मंगलाष्टक एवं अभिषेक पाठ पढ़ कर पांडुशिला में विराजमान कर प्रासुक जल से अभिषेक और जयकारों के बीच मंत्रोच्चार के साथ शांतिधारा की गई। शांतिधारा पश्चात सभी ने संगीतमय आरती की गई। इस मौके पर श्रेयश जैन ,प्रवीण जैन,संदीप जैन,आदेश जैन,रासु जैन,कृष जैन, श्रुति जैन,धीरज गोधा ,अशोक जैन,उपस्थित थे।