रायपुर
आदेश से हडक़ंप, इन पर किसी भी तरह कार्रवाई के लिए अनुमति भी आवश्यक
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 31 दिसंबर। राजभवन से जारी उस आदेश से सरकार में हलचल मची है, जिसमें कुलसचिवों की नियुक्ति से पहले कुलाधिपति का अनुमोदन लेने के लिए कहा गया है।
आदेश में कहा गया कि विवि के अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई से पहले कुलाधिपति के अनुमोदन लेना होगा। राजभवन ने कृषि, चिकित्सा और उच्च शिक्षा सचिव को पत्र भेजा है। राजभवन से जारी पत्र को सरकार के काम में दखल के रूप में देखा जा रहा है। इसकी काफी चर्चा है।
दूसरी तरफ, राजभवन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बिलासपुर विवि कार्य परिषद ने बकायदा प्रस्ताव पारित कर कुलसचिवों की नियुक्ति से पहले कुलाधिपति से अनुमोदन लेने को अनिवार्य करने के लिए लिखा था। इसके बाद राज्यपाल के आदेश पर राज्य शासन को निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि राज्य में 15 शासकीय विवि संचालित है। सभी का संचालन पृथक-पृथक अधिनियम के साथ कुलाधिपति करते हैं। वे ही विवि के अधिकारी होंगे। विश्वविद्यालयों में सभी नियुक्तियों के साथ शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध जांच उपरांत अंतिम निर्णय से पूर्व कुलाधिपति से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।