मुख्य आरोपी संजय सिंह पुलिस को चकमा दे कोर्ट पहुंचा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मार्च। शहर के शिवनाथ नदी स्थित मोहड़ रेत घाट में खनन के दौरान फायरिंग करने का मुख्य आरोपी संजय सिंह ने आखिरकार 9 माह बाद जिला न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। पुलिस को आरोपी तक पहुंचने के लिए कई बार मध्यप्रदेश के ग्वालियर, मुरैना एवं कुछ अन्य जिलों में छापेमारी करनी पड़ी।
पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद नेपाल में छुपा था। इस मामले में मोहड़ वार्ड के पार्षद संजय रजक समेत आधा दर्जन आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। मास्टर माइंड संजय सिंह पुलिस से बचता फिर रहा था। आखिरकार उसने सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। बाद में उसे जेल भेजा गया। पुलिस को चकमा देकर आरोपी संजय सिंह न्यायालय के समक्ष समर्पण करने में कामयाब रहा। इसको लेकर पुलिस की नाकामी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कोर्ट ने 16 मार्च तक संजय सिंह को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद 9 महीने से संजय सिंह फरार चल रहा था। जिला न्यायालय ने संजय पर स्थाई वारंटी व संपत्ति कुर्क संबंधी नोटिस भी जारी किया था। कोर्ट ने 16 मार्च तक संजय सिंह को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था। इसके पहले मंगलवार को संजय सिंह ने अपने साथी अमन बैसंदर के साथ जिला न्यायालय पहुंचकर सरेंडर किया।
गौरतलब है कि 11 जून 2025 को रात्रि लगभग 7 से 7.30 बजे के बीच ग्राम मोहड़ नदी में अवैध रूप से रेत निकालने के लिए रैम्प निर्माण के लिए जेसीबी चालक पहुंचा था। इसे रोकने के लिए कुछ ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे, तभी एक कार में सवार 7-8 व्यक्ति वहां पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट करते हुए फायरिंग की थी। उक्त मामले में बसंतपुर थाना में धारा 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) बीएनएसए तथा धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट एवं खनिज अधिनियम की धारा 21 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
प्रकरण में पूर्व में भगवती निषाद 49 वर्ष निवासी ग्राम झोला दुर्ग, संजय रजक 48 वर्ष निवासी मोहड़, अभिनव तिवारी 42 वर्ष निवासी ग्राम सोमनी, अतुल सिंह तोमर 24 वर्ष निवासी गायत्री विहार कॉलोनी पिन्टो पार्क मुरारए जिला ग्वालियर मप्र, जितेन्द्र नारौलिया 30 वर्ष निवासी सिंगपुर रोड देसाई नगर मुरार ग्वालियर मप्र, अमन सिंह परिहार 27 वर्ष निवासी विजय नगर कॉलोनी आमखो लक्सर ग्वालियर मप्र, अभय सिंह तोमर 20 वर्ष निवासी ग्राम घनैता भिंड मप्र, कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर उर्फ गोलू दनगस 24 वर्ष निवासी डीडी नगर शताब्दीपुरम ग्वालियर मप्र एवं फल्ली उर्फ मनू उर्फ मनोज सिकरवार 25 वर्ष निवासी ग्राम खिडौरा मुरैना मप्र को गिरफ्तार किया गया था। उपरोक्त आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल राजनांदगांव भेजा गया था तथा विवेचना पूर्ण होने के पश्चात अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।