पुलिस की तगड़ी चौकसी के चलते असफल रहे भाजपाई
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जुलाई। भाजपाईयों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में स्थानीय विधायक पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए जमकर हल्ला बोला। लोहिया चौक में एकत्र होने पश्चात रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट घेरने पहुंचे भाजपाईयों और पुलिस जवानों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इस दौरान वहीं तीन सुरक्षा घेरे में पुलिस की चौकसी के चलते भाजपाई कलेक्टोरेट घेरने में असफल रहे। अंत में भाजपाईयों की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकत की और ज्ञापन सौंपा।
गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब सैकड़ों की संख्या में भाजपाई स्थानीय लोहिया चौक में एकत्रित हुए। जहां मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में विकास के कार्य अवरुद्ध हो चुके हैं। विधायक के संरक्षण में उन्ही कार्यों को किया जा रहा। जिसमें विधायक के रिश्तेदार या चहेते ठेकेदार से उनकी सांठ-गांठ है। महासमुन्द विधानसभा का कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है, जहां अवैध शराब उनके संरक्षण में न बेचा जा रहा हो। सत्ता को अपनी कमाई का साधन बना चुके विधायक विनोद चन्द्राकर भाई भतीजावाद की राजनीति करते हुए स्वयं अपने लिए धनोपार्जन कर रहे हैं।
जिला सह प्रभारी संध्या परगनिहा ने भूपेश सरकार सहित स्थानीय विधायक विनोद चन्द्राकर पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा की सरकार के योजनाओं को अपना बताने के सिवाय प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पूरे प्रदेश में विकास और निर्माण कार्यों को रोक रखा है। विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने धरना प्रदर्शन के कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को अपने उद्बोधन में कहा कि विधायक की निष्क्रयता के चलते कृषि महाविद्यालय भवन का निर्माण कार्य अभी तक प्रारम्भ नहीं कराया गया। सभा को प्रफुल्ल विश्वकर्मा, पूनम चन्द्राकर,डॉ. विमल चोपड़ा सहित प्रदीप चन्द्राकर,राकेश चन्द्राकर, मोती साहू, सुधा साहू ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मण्डल महामंत्री प्रकाश शर्मा ने किया।
भाजपाइयों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में स्थानीय विधायक पर कुल 25 बिन्दुओं में आरोप लगाते हुए महासमुंद विधानसभा में गांव-गांव और गली मोहल्ले में अवैध शराब बिक्री माफिया को संरक्षण देने, व्याप्त गुण्डागर्दी, अराजकता, गैंगवार को संरक्षण देने, रेत माफियाओं को संरक्षण, अवैध रेत परिवहन कराने, शासकीय निर्माण कार्यों में भाई भतिजावाद, कांग्रेसियों को लाभ पहुंचाने, अलोकतांत्रिक एवं नियम विरुद्ध वनोपज संघ एवं नगरपालिका में दबावपूर्वक नामांकन 1 घण्टे बढ़ाने समेत कई आरोप लगाए हैं।
प्रदर्शन के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से नजर चुराकर आगे बढऩे की कोशिश की। जिसे पुलिस के एक जवान ने पकड़ा और वापस भीड़ की ओर धकेल दिया। इसी बात को लेकर दोनों में तू-तू मैं-मैं हो गई। कार्यकर्ता का कहना था कि उसके साथ जवान ने दुव्र्यवहार किया। जिसके बाद भाजपाइयों ने उक्त पुलिस जवान को चेतावनी देते हुए पीछे हटने कहा। पुलिस अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद मामले का पटाक्षेप हुआ।
पश्चात रैली की शक्ल में पहुंचे भाजपाईयों को पुलिस ने कलेक्टोरेट गेट से पहले ही रोक दिया। पुलिस द्वारा तीन सुरक्षा घेरा बनाया गया था। जिसमें पहले क्रम में पुलिस बल हाथों में रस्सियों के साथ मौजूद रहे। दूसरे क्रम में बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग की गई थी तथा अंत में मुख्य द्वार को बंद कर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।
पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भाजपाई पहले सुरक्षा घेरा को ही पार नहीं कर पाए। हालांकि इस प्रयास में पुलिस जवानों और भाजपाईयों के बीज जमकर झूमाझटकी और धक्का मुक्की हुई। कलेक्टर को ही ज्ञापन सौंपने जमीन पर डट गए भाजपाईयों ने प्रशासन की ओर से पहुंचे नायब तहसीलदार और डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन देने से मना कर दिया और जमीन में बैठकर नारेबाजी करने लगे। अंत में पुलिस ने उनकी ओर से कुछ लोगों को कलेक्टर से मिलने की बात कही तो वे मान गए और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर महासमुंद विधानसभा समन्वय समिति के संयोजक चन्द्रहास चन्द्राकर, प्रकाश चन्द्राकर, पवन वर्मा, योगेश्वर राजू सिन्हा, निरंजना शर्मा, धरम साहू, मण्डल अध्यक्ष सतपाल पाली, श्याम साकरकर, पप्पू पटेल, धरम पटेल, मंडल महामंत्री एम आर विश्वनाथन, प्रेम चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवम मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, बूथ समिति के कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बसना में भी प्रदर्शन
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह के खिलाफ बसना में भी जमकर नारेबाजी की। शहीद वीरनारायण सिंह चौक के पास आयोजित जनसभा में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, जिला संगठन प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व क्रेडा अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा,माटीकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर पांडे समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता त्रस्त विधायक मस्त, बर्बाद हो रहा घर परिवार, शराब भ_ी बंद करो, भूपेश सरकार बदलो, बदलबो ए दारी कांग्रेस सरकार ला जैसे नारों के साथ पोस्टर एवं बैनर लेकर नारेबाजी की।
इस दौरान अधिकारियों से मिलने गए भाजपा प्रतिनिधि मंडल एसडीएम हेमंत नंदनवार तहसीलदार रमेश मेहता के कार्यालय में अनुपस्थिति पर भडक़ उठे। फिर नायाब तहसीलदार ललित सिंह से मिलकर योजनाओ की नाकामियों एवं भ्रष्टाचार से अवगत कराया। इस दौरान एसडीओपी सरायपाली अभिषेक केसरी, थाना प्रभारी बसना शिवानंद तिवारी नेतृत्व में पुलिस प्रशासन सुरक्षा पुख्ता इंतजाम किये गए थे।