महासमुन्द

अवैध रेत उत्खनन-परिवहन को लेकर पहली बार 11 पंचायतें कार्रवाई की जद में, नोटिस जारी
02-May-2025 8:28 PM
अवैध रेत उत्खनन-परिवहन को लेकर पहली बार 11 पंचायतें कार्रवाई की जद में, नोटिस जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 मई। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक न लगते देख जिला प्रशासन ने अब संबंधित ग्राम पंचायत को भी इसके लिए जिम्मेदार मानते हुए महासमुंद की 11 पंचायतों के सरपंच और समस्त पंचों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि पंचायत क्षेत्र के नदी-नाले में अवैध रेत उत्खनन व परिवहन किया जा रहा है। जिस पर तत्काल रोक लगाएं। अन्यथा उनके विरुद्ध धारा 39, 40 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग ने चार ट्रेक्टर और एक चैन माउंटेन मसीन को जब्त किया है। मंगलवार को भी ग्राम सांकरा जोंक नदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चार ट्रेक्टर वाहनों को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जबकि बुधवार को खनिज विभाग की टीम ने पिथौरा के नदी चरौदा में जोंक नदी में एक चैन माउंटेन मशीन को अवैध रेत उत्खनन करते हुए जब्त किया है। उक्त वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ थाना में खड़ा किया गया है।

खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि उक्त वाहनों पर खान एवं खनिज विकास एवं विनियम अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई जाएगी। इस प्रकरण में 2 से 5 वर्ष की सजा का प्रावधान है और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर न्यायाल में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा। पूर्व में भी खनिज पट्टेदारों एवं खनिज परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं। बिना वैध अभिवहन पास के खनिज का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करना कानूनन अपराध है।

कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज विभाग का विशेष अभियान सतत जारी रहेगा और दोषितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोटिस में 8 मई को सुबह 11 बजे न्यायालय में उपस्थित होकर दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने कहा गया है। पंचायतों को पहली बार ऐसे मामलों में कार्रवाई की जद में लिया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं सक्षम अधिकारी महासमुंद हरिशंकर पैंकरा ने महासमुंद अनुविभाग अंतर्गत शामिल 11 ग्राम पंचायतों के सरपंच और समस्त पंचों को नोटिस जारी कर कहा है कि ग्राम पंचायत के सीमा क्षेत्र के नदी नाले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। जिस पर तत्काल रोक लगाएं। उन्होंने ग्राम पंचायत बरबसपुर,कनेकेरा, गढ़सिवनी, अछोला, लहंगर, पीढ़ी, अमलोर, चुहरी, सिरपुर, चिंगरीद और पासिद के सरपंच को नोटिस जारी कर कहा है कि यह संज्ञान में आ रहा है आपके ग्राम पंचायत अंतर्गत नदी नाले में अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा है।

यह भी कहा है कि छग पंचायत राज अधिनियम 1993 तथा गौण खनिज नियम 1996 के अन्तर्गत ग्राम पंचायत अन्र्तगत स्थित शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा एवं संवर्धन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है। आपके द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन दृढता पूर्वक नहीं किया जा रहा है, लापरवाही बरती जा रही है, जिससे शासकीय राशि की हानि हो रही है अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाना सुनिश्चित करें अन्यथा पंचायतों में विरूद्ध छ0ग0 पंचायत राज अधिनियम 1993 के अन्तर्गत धारा 39अंतर्गत कार्रवाई की जावेगी। पंचायतों को 8मई को सुबह 11 बजे न्यायालय में उपस्थित होकर दस्तावेज सहित पक्ष रखने कहा गया है वरना एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट