‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 15 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को सांसद यूनिटी मार्च (एकता पदयात्रा) का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, छात्र एवं युवा शामिल हुए।
पदयात्रा का आरंभ दोपहर 12 बजे कैंप मंडल स्थित तीन दर्शन मंदिर में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा तीन दर्शन मंदिर से नेहरू चौक, सुभाष चौक, शहीद चौक होते हुए आगे बढ़ी।
मार्गभर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, फूलमालाओं तथा फल एवं चॉकलेट वितरण कर रैली का स्वागत किया। यूनिटी मार्च जलेबी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात लिंक रोड, सर्कुलर मार्केट, सीतला मंदिर कॉम्प्लेक्स, नंदनी रोड, सोनिया गांधी नगर, एमपीआर रोड, जीई रोड, सुपेला, कोहका, पावर हाउस, खुर्सीपार, आहिवारा, डबरा पार, भिलाई-3, चरौदा और मुरमुंदा सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरता रहा।
पदयात्रा में पार्षद पीयूष मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधियों तथा समाज के नागरिकों ने स्वागत किया।
शंकराचार्य कॉलेज, रुंगटा एवं एम.जे.आई.टी.आई. के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने तख्तियों, राष्ट्रीय ध्वज और ‘यूनिटी मार्च - सरदार पटेल’ लिखी टी-शर्ट पहनकर राष्ट्रीय एकता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।