कोरबा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 11 जुलाई। नगर पालिक निगम कोरबा के दिवंगत हुए कर्मचारियों के 6 आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है। आयुक्त कुलदीप शर्मा ने षुक्रवार को आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति आदेश पत्र प्रदान किया तथा उन्हें अपनी शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा के साथ कर्तव्य निर्वहन करने को कहा।
राज्य सरकार द्वारा तृतीय श्रेणी के पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति हेतु प्रावधानित 10 प्रतिशत पदों की सीमा के बंधन को 31 मई 2022 तक शिथिल किया गया है। राज्य सरकार की इस संवेदनशीलता का लाभ निगम के दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को प्राप्त हुआ तथा इसके परिणाम स्वरूप निगम में रिक्त तृतीय श्रेणी के पदों पर 6 आश्रितों को निगम द्वारा अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की है। नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आयुक्त कुलदीप शर्मा ने इन नवनियुक्त आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति आदेश पत्र प्रदान किया तथा उन्हें अपनी शुभकामनाएं देने के साथ ही उनसे कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। नगर पालिक निगम कोरबा के दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों में अजय कुमार टायडे को सहायक राजस्व निरीक्षक, दिव्यकांत गोस्वामी को सहायक राजस्व निरीक्षक, तुषार कश्यप को सहायक राजस्व निरीक्षक, राजेश कुमार साहू को सहायक राजस्व निरीक्षक, कमलनारायण मांझी को सहायक ग्रेड-3 एवं दीपक कुमार केशव को सहायक ग्रेड-3 के पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है।