कई मतदान केंद्रों में विवाद की स्थिति, प्रत्याशी ने सडक़ पर बैठकर किया चक्काजाम
लखनपुर में 72.61 व अंबिकापुर जनपद में 67.09 फीसदी मतदान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 फरवरी। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण में आज प्रात: 7 बजे से ग्राम सरकार बनाने भारी उत्साह के साथ मतदान शुरू हुआ और 3 बजे तक संपन्न हुआ। कई मतदान केंद्र ऐसे थे, जहां प्रत्याशियों की लंबी कतार के बाद समयावधि बढ़ाई गई।
इस चुनाव में सरगुजा जिले के उदयपुर जनपद पंचायत अंतर्गत क्षेत्र में 21295 पुरुषों ने एवं 23354 महिलाओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। इस क्षेत्र में सुबह 7 से 3 बजे तक कुल 73.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा अंबिकापुर जनपद पंचायत क्षेत्र में 85593 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया, यहां मतदान का प्रतिशत 67.02 रहा।
लखनपुर जनपद पंचायत क्षेत्र में कुल 62603 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। यहां कुल मिलाकर 72.61 फीसदी मतदान रहा। चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों में विवाद की स्थिति होने की सूचना है।
कांग्रेस के आरोप के अनुसार भपौली और गाड़ाघाट पंचायतों में मतगणना के दौरान कांग्रेस एजेंटों को बाहर निकाल दिया गया। जिसे लेकर क्षेत्र क्रमांक 1 की प्रत्याशी मतगणना स्थल के बाहर धरने पर बैठ गई। धरने पर बैठने के कारण अंबिकापुर रामानुजगंज मुख्य मार्ग में लगभग 15 मिनट तक सडक़ जाम रहा, फिर पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम को समाप्त कराया। क्षेत्र क्रमांक 1 की प्रत्याशी का मतगणना स्थल ग्राम भपौली है।
पंचायत चुनाव को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा विनय अग्रवाल ने अंबिकापुर और लखनपुर जनपद के विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित लगभग 30 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने और वोटिंग में गति लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत कंठी, कतकालो, खाला, सोहगा, करजी, दरिमा, बरगवां, नान दमाली, बड़ा दामाली, पूटा, कुसु, सोहेड़ा और बेलदगी सहित कई अन्य क्षेत्रों में चल रहे मतदान केंद्रों का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा करते हुए मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा, मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए तकनीकी सहायता और पर्यवेक्षण भी सुनिश्चित किया गया है। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के प्रथम चरण में अंबिकापुर, लखनपुर और उदयपुर जनपद के क्षेत्रों में मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला।
पूर्व जिपं उपाध्यक्ष आदित्येश्वर ने किया मतदान
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में लोकतंत्र के इस महापर्व में ग्राम सरकार बनाने सरगुजा जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने मतदान किया और सभी से मतदान करने की अपील की।