भाजपा से 27 तो कांग्रेस की 11, निर्दलीय 2 महिला पार्षद बनीं
5 वार्डों में कांग्रेस-भाजपा को मतदाताओं ने नकारा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 16 फरवरी। नगरीय निकाय चुनाव में इस बार जिलेभर में 40 महिलाओं ने जीत का परचम लहराया है। नगर निगम धमतरी समेत 5 नगर पंचायतों में कुल 115 वार्डों में पार्षदों के लिए चुनाव हुआ, जिसमें 27 भाजपा से, 11 कांग्रेस से महिला पार्षद जीतकर आए हैं। 2 महिला पार्षद निर्दलीय हैं। सर्वाधिक 13 महिला पार्षद धमतरी निगम के सदन में पहुंची है। आमदी से कांग्रेस की ललिता पटेल, भाजपा की लक्ष्मी पटेल, सुनीता साहू, संतोषी साहू, सरिता साहू, किरण साहू शामिल हैं।
भखारा में भाजपा की चांदनी साहू, अंजू साहू, खोमलता साहू, भूपेश्वरी चक्रसुदर्शन, गौतमी पटेल चुनी गईं। मगरलोड में कांग्रेस की जितेश्वरी साहू, रूक्मणी सिन्हा, भाजपा की दशोदा साहू, तुलसी राव, बिराजो साहू शामिल हैं। नगरी में भाजपा की विनीता कोठारी, चेलेश्वरी साहू, अलका साव, डागेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव तथा कांग्रेस की टुकेश्वरी सााहू शामिल हैं।
निगम में ये पहुंचीं महिला पार्षद
कांग्रेस की रामेश्वरी कोसरे, उमाबाई ध्रुव, पूर्णिमा रजक, सुमन मेश्राम, भाजपा की अनिता अग्रवाल, नम्रता पवार, चन्द्रभागा साहू, हिमानी साहू, भारती साहू, आशा लोधी, कौशिल्या देवांगन, विभा चन्द्राकर शामिल हैं। पूर्णिमा देवांगन निर्दलीय चुनाव जीतकर आई है।
इन 5 वार्डों में कांग्रेस-भाजपा को नकारा
शहर के 5 ऐसे वार्ड हैं, जहां के मतदाताओं ने कांग्रेस-भाजपा के प्रत्याशियों को नकार कर निर्दलीय पर भरोसा जताया है। भाजपा के पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा के वार्ड रामपुर में निर्दलीय प्रत्याशी प्रकाश सिन्हा ने जीत दर्ज किया। पहले वह मकेश्वर वार्ड में भाजपा के पार्षद थे। उनकी यह तीसरी जीत है। पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड पूर्व महापौर अर्चना चौबे का वार्ड है। इसके बावजूद यहां भाजपा प्रत्याशी पवन पटेल को जीत नहीं दिला सके। निर्दलीय कुशल लोढ़ा ने जीत हासिल किया।
पूर्व महापौर विजय देवांगन के वार्ड सुभाष नगर में भी कांग्रेस के साथ ही भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा। यहां कांग्रेस ने सुरेखा नाग को उतारी थी, वहीं भाजपा ने पूर्व पार्षद बिसन निषाद की पत्नी व पूर्व पार्षद कमलेश्वरी निषाद को चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन मतदाताओं ने कांग्रेस-भाजपा दोनों पर ही भरोसा न जताकर निर्दलीय पूर्णिमा देवांगन को जीताकर नगर निगम भेजी है। पूर्णिमा के पति भरत देवांगन पूर्व पार्षद हैं। इसके अलावा शहर के टिकरापारा में मदन नेवारे, औद्योगिक वार्ड में निर्दलीय छोटू वर्मा ने जीत दर्ज किया।
19 हजार मतदाता बूथ में ही नहीं आए
शहर के 40 वार्डों में 19 हजार 974 मतदाता ऐसे रहे, जो कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी नहीं रहने समेत अन्य कारणों से मतदान करने केंद्र तक नहीं पहुंचे। ऐसे में 19 हजार 974 मतदाता और नोटा समेत अन्य पर भरोसा जताने वाले 12 हजार 893 मतदाताओं को मिलाकर इसका आंकड़ा सीधे तौर पर 32 हजार 957 होता है। यह आंकड़ा भी राजनैतिक गलियारे में चर्चा का विषय है।
भखारा, आमदी, मगरलोड, नगरी में 1-1 राउंड में हुई मतगणना
शनिवार को सुबह 9 बजे बीसीएस पीजी कालेज स्थित स्ट्रांग रूम में गणना शुरू हुई। नगर पंचायत कुरूद में वार्ड 11 और 14 में 2 राउंड, बाकी एक राउंड तथा भखारा, आमदी, मगरलोड एवं नगरी नगर पंचायत में 1-1 राउंड में मतगणना हुई।
मतगणना में प्रति टेबल एक गणना अभिकर्ता और 2 सहायक की ड्यूटी लगी थी। महापौर और अध्यक्ष पद के लिए हर टेबल पर एक अभिकर्ता एवं वार्ड पार्षद के लिए उसी टेबल पर एक अभिकर्ता थे। इस कार्य में धमतरी नगर निगम 120 कर्मचारी और 40 भृत्य मिलाकर 160, कुरुद, भखारा, नगरी, आमदी और मगरलोड में 60-60 कर्मचारी और भृत्य की ड्यूटी लगाई गई थी।