धमतरी

पंचायती राज दिवस पर कुरूद क्षेत्र की सभी पंचायतों में नहीं हुई ग्राम सभा
25-Apr-2026 8:12 PM
पंचायती राज दिवस पर कुरूद क्षेत्र की सभी पंचायतों में नहीं हुई ग्राम सभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 25 अप्रैल।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाना था, लेकिन कुरुद क्षेत्र की कई पंचायतों में सभा नहीं हुई। इसकी वजह सरपंचों को समय पर जानकारी नहीं मिली, कुछ पंचायत में सरपंच सचिव के रायपुर बैठक में चले जाने के कारण रोजगार सहायकों ने जैसे तैसे ग्राम सभा की औपचारिकता पूरी की।

ज्ञात हो कि पंचायती राज व्यवस्था में ग्राम पंचायतों को लोकतंत्र की प्राथमिक व लोककल्याण का अधिष्ठान माना गया है। पंचायती राज अधिनियम में ग्राम सभा को बड़ा महत्व दिया गया है। लेकिन हकीकत में ग्राम सभा बस औपचारिकता बन कर रह गई है। देश भर में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के तौर पर मनाने की परम्परा रही है। इस दिन सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उनके क्रियांवयन की जानकारी ग्रामीण को दी जाती है, इस बार इसमें राष्ट्रीय जनगणना के महत्व, प्रक्रिया एवं नागरिकों की भूमिका पर चर्चा को जोड़ा गया है।

कुरुद जनपद अंतर्गत 108 ग्राम पंचायत कार्यरत है। जिसमें से कुछ पंचायतों में आयोजित ग्राम सभा ने अपने उद्देश्य का सार्थक किया। करीब दो दर्जन से अधिक  सरपंच सचिव इस राष्ट्रीय महत्व के दिन अपनी ड्यूटी छोड़ राजधानी में एक नेता के बंगले में हाजिर थे। इन पंचायतों में रोजगार सहायको ने जैसे तैसे सभा की फार्मेल्टी पूरी की। क्षेत्र की बहुत सी पंचायतों में 24 और 25 अप्रैल को कोई ग्राम सभा नहीं हुई। इस बारे में संबधित सरपंचों का कहना है कि उन्हें इस बारे में पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी तो भला हम कैसे इसका आयोजन करते ? जबकि जिला प्रशासन ने इन ग्राम सभाओं में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनगणना के बारे में ग्रामीणों को जागरूक करने एवं शासकीय योजनाओं के संबंध में

प्रत्येक नागरिक को सही एवं पूर्ण जानकारी देने का फरमान जारी किया था। एक तरफ सरकारें कहती है कि सशक्त पंचायत विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने का माध्यम है, दूसरी ओर तय तिथि पर पंचायतों में ग्राम सभा नहीं हो पा रही है। इस बारे में जनपद सीईओ अमित सेन ने कहा कि अधिकांश पंचायतों में कल ग्राम सभा का आयोजन किया गया।

कुछ में 25 अप्रैल को ग्राम सभा होगी, उन्होंने माना कि विधायक की बैठक में शामिल होने कुछ लोग रायपुर गये थे, उन पंचायतों में रोजगार सहायकों ने सभा कराई है।


अन्य पोस्ट