धमतरी

6 निकायों के 160 केंद्रों में मतदान, एक की तबियत बिगड़ी, मौत
11-Feb-2025 2:48 PM
6 निकायों के 160 केंद्रों में मतदान, एक की तबियत बिगड़ी, मौत

115 पार्षद, एक महापौर समेत 5 अध्यक्ष चुनाव मैदान में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 11 फरवरी। आज मतदान का महापर्व है। शहर सरकार चुनने सुबह 8 बजे से जिलेभर के 160 केंद्रों में मतदान शुरू हुआ। मतदान के लिए जिलेभर में 1 लाख 11 हजार 357 मतदाता हैं।

 धमतरी नगरीय निकाय समेत कुरूद, नगरी, मगरलोड, भखारा और आमदी मिलाकर भाजपा-कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी 229 के अलावा निर्दलीय, नगर निगम धमतरी में महापौर बनने 8 प्रत्याशी, 5 निकाय में नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 15 प्रत्याशी मिलाकर कुल 325 प्रत्याशी हैं। इन सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीन में कैद हो गया। वहीं नगरी में केंद्र में मतदाता की तबियब बिगड़ गई। अस्पताल में उसकी मौत हो गई है।

धमतरी नगरीय निकाय में महापौर सहित कुल 40 वार्डों में मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गया, जो शाम 5 बजे तक चला। इस दौरान कुल 40 वार्डों के 83 मतदान केंद्रों पर 73033 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। धमतरी में इस बार का मेयर चुनाव बगैर कांग्रेस प्रत्याशी के हो रहा है, जो इसे और भी दिलचस्प बना रहा है। नगर निगम चुनाव के लिए के 40 वार्डों के लिए 83 मतदान केंद्र बनाए गए है। इन मतदान केंद्रों में 332 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

जिसमें एक पोलिंग बूथ में 4-4 अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सभी पोलिंग बूथ में सुरक्षा बल भी तैनात किए है। आपको बता दें कि इस चुनाव में किसी मतदान केंद्र को अलग थीम पर नहीं सजाया गया है।

मतदान केंद्र के बाहर दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था

जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक मतदान को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। निकाय चुनाव को लेकर मतदान दल रवाना हो चुके हैं। सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र के बाहर धूप से बचने टेंट लगाए गए हैं। वहीं केंद्र के बार पानी, और विकलांगों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। साथ ही साथ मतदान दलों को तकलीफ न हो जिसके लिए पूर्ण व्यवस्था की गई है।

हनुमान मंदिर पहुंचे भाजपा प्रत्याशी

धमतरी नगर निगम में मतदान से पहले बीजेपी के महापौर उम्मीदवार जगदीश रामू रोहरा ने शहर के पुराना बस स्टैंड हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए रवाना हुए। इधर धमतरी में वोटिंग के दौरान ईवीएम मशीन में खराबी आ गई। आमापारा वार्ड, रामपुर वार्ड, ब्राम्हण पारा और अंबेडकर वार्ड में मशीनों में तकनीकी समस्या आई। नई ईवीएम मशीन लाने के बाद वोटिंग शुरू हुआ।

152 मतदान केंद्र राजनीतिक संवेदनशील

जिलेभर में 160 पोलिंग बूथ हैं। इनमें से 95 फीसदी यानि 152 मतदान केन्द्र राजनैतिक संवेदनशील हैं। प्रशासन के मुताबिक धमतरी के सभी 83 मतदान केन्द्र संवेदनशील है। आमदी, भखारा, नगरी के सभी 15-15 केन्द्र व कुरूद के सभी 17 तथा मगरलोड के 15 में से 7 मतदान केन्द्र राजनीतिक दृष्टिकोण से संवेदनशील है। राजनीतिक संवेदनशील उस मतदान केंद्र को कहते हैं, जहां राजनीतिक पार्टियां ज्यादा सक्रिय और हावी रही।

800 अधिकारी-कर्मचारियों की लगी डयूटी

जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता गांधी का दावा है कि मतदान के दौरान समस्या दूर करने 96 सेक्टर अधिकारी नियुक्त हैं। 6 नगरीय निकायों के 160 केन्द्रों में मतदान कराने 800 अधिकारी, कर्मचारियों की ड्यूटी लगी हैं। इनमें 650 पुरुष, 150 महिला मतदान कर्मी शामिल हैं। हर एक मतदान दल में एक या दो महिला कर्मियों को भी जिम्मेदारी दी गई है।

धमतरी कलेक्टर नम्रता गांधी मतदान शुरू होते ही सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने निकली हैं। उन्होंने कहा कि आज नगरी निकाय चुनाव का दिन है और सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो चुका है।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news