आप के वाहनों और बैनर-पोस्टर गायब होने की खबरें
धार्मिक आयोजन में भी राजनीतिक लाभ पाने की होड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 6 फरवरी। नगरपालिका चुनाव के प्रचार में काफी तेजी आगई है। चुनाव को लेकर कांकेर विधायक की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। वहीं कांग्रेस का प्रचार धनबल पर केंद्रित है। दोनों ही प्रमुख दलों को आमआदमी पार्टी से नुकसान होने का खतरा बढ़ा है। उनके वाहनों और बैनर पोस्टर आदि संसाधन गायब होने की खबरें है। प्रत्याशी धार्मिक आयोजन में भी राजनीतिक लाभ लेने लगे हैं।
नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रचार में तेजी आई है। मुख्य मुकाबला जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच बताई जा रही है, लेकिन दोनों से असंतुष्ट जनों का आमआदमी पार्टी की ओर झुकाव होने लगा है। प्रत्याशी शिवपुराण कथा स्थल तक अपनी दस्तक देने लगे हैं। भाजपा और कांग्रेस के अघ्यक्ष पद के प्रत्याशी देश के विख्यात कथावाचक प्रदीप मिश्रा के कथा पंडाल कोकपुर तक श्रोताओं को पंहुचाने का साधन मुहैया करवाते रहे है।
इस बार भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतने कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती हैं। कांकेर नगरपालिका चुनाव में अध्यक्ष पद पर कभी नहीं जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार यह मिथक तोडऩा चाहती है। विधायक आशराम नेताम ने इसका जिम्मा उठाया है। जहां अरूण कौशिक को श्रेष्ठ दावेदार बताते हुए टिकट दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब उसे जिताने में विधायक के पसीने छूट रहे हैं।
गौर करने योग्य बात यह है कि कांकेर की जनता की नगर चुनाव में अब तक रही कांग्रेस के पक्ष मे रही मानसिकता को कैसे बदली जा सके यह बड़ी चुनौती होगी। वहीं पार्टी के असंतुष्टों का भी सामना करना पड़ रहा है। टिकट से वंचितों के अलावा बड़ी संख्या में उपजे असंतोष से भाजपा प्रत्याशी को नुकसान हो रहा है। भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी ताकत लगा चुके विधायक आशाराम नेताम के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बना हुआ है। वे हर हालत में यह चुनाव जीतना चाहते हैं। विधायक श्री नेताम का कहना है कि पिछले दस साल में नगरपालिका में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ भी नहीं हुआ है। भाजपा ही शहर को नई दिषा प्रदान कर सकती है और शहर का विकास कर सकती है।
इधर, कांग्रेस में नेतृत्व का अभाव बना हुआ है। कांग्रेस प्रचार प्रसार पर ज्यादा विश्वास नहीं करती। बल्कि व्यक्तिगत संपर्क पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। जानकारी है कि धन-बल पर चुनाव जीतने कांग्रेस अपनी पूरी ताकत लगा दी है। अध्यक्ष प्रत्यासी जितेंद्र ठाकुर और उनकी पत्नी पूर्व पालिका अध्यक्ष सरोज ठाकुर के कार्यकाल की उपलब्धियां कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार का प्रमुख आधार बताया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी को विश्वास है कि कांग्रेस और भाजपा के शासन से उकता चुकी जनता तीसरे विकल्प का तलाश कर रही है इसका लाभ उसे मिलेगा।
आप प्रत्याशी मोहन सेनापति ने बताया कि लगातार कांग्रेस के कब्जे में रही नगरपालिका से कांकेर की जनता निजात पाना चाहती है। भाजपा को नगर की जनता ने कभी पंसद नहीं किया इसलिए यहां के लोग तीसरा विकल्प चाहते हैं। इस बार हमारी जीत सुनिश्चित है। निर्दलीय प्रत्याशी संजयपुरी गोस्वामी भी अपने समर्थकों के साथ मैदान में डटे हुए हैं।