कांकेर

आमाबेड़ा-पूषागांव में मतांतरण पर फिर बवाल
29-Dec-2025 10:26 PM
आमाबेड़ा-पूषागांव में मतांतरण पर फिर बवाल

घरों में तोडफ़ोड़, पुलिस बल तैनात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 29 दिसंबर। कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र के ग्राम पूषागांव में कल मतांतरण को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके दौरान कुछ घरों में तोडफ़ोड़ की गई। गांव में मतांतरित बताए जा रहे लगभग छह परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचा है। घटना से क्षेत्र में दहशत है। गांव में आज भी पुलिस बल तैनात है।

घटना के दौरान  मूल धर्म में वापस लौटने की बात कहते हुए कुछ लोगों द्वारा इन परिवारों के घरों में घुसकर खिडक़ी, दरवाजे और घरेलू सामान को क्षति पहुंचाए जाने की बात सामने आई है।

 स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ मकानों की छत और दीवारों को भी नुकसान हुआ है। बताया गया है कि 5 से 6 घरों को अधिक क्षति पहुंची है। स्थिति को देखते हुए संबंधित परिवारों के सदस्य अपने घरों से बाहर निकल गए।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में मतांतरण से जुड़ी गतिविधियों के कारण सामाजिक स्थिति प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि मतांतरित परिवारों से मूल धर्म में लौटने का आग्रह किया गया था।

वहीं, मतांतरित परिवारों का कहना है कि उन्होंने अपने निजी और पारिवारिक कारणों से ईसाई धर्म अपनाया है। उनका कहना है कि धर्म परिवर्तन के बाद उनकी समस्याओं में सुधार हुआ है और वे किसी दबाव में मूल धर्म में लौटने के लिए सहमत नहीं हैं।

घटना के संबंध में प्रशासन और पुलिस द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट