गरियाबंद

कांग्रेस प्रत्याशी गेंदलाल सिन्हा ने घर-घर जाकर मांगा वोट, तो भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में जीत का संकल्प लिया
04-Feb-2025 6:36 PM
कांग्रेस प्रत्याशी गेंदलाल सिन्हा ने घर-घर जाकर मांगा वोट, तो भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में जीत का संकल्प लिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 4 फऱवरी। जिले में प्रत्याशियों का जनसंपर्क धुआंधार जारी है। जैसे-जैसे चुनावी तारीख सामने आते जा रही है, वैसे-वैसे ही राजनीतिक दलों के लोग चुनाव की तैयारी पर पूरा जोर देते दिखाई दे रहे हैं।

गरियाबंद नगर पालिका अध्यक्ष  पद के लिए एक तरफ कांग्रेस के प्रत्याशी गेंदलाल सिन्हा है तो वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रत्याशी रिखी राम यादव है। दोनों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल सकती है। दोनों प्रत्याशी अपने-अपने तरीके से तैयारियों में लगे हुए हंै।

जहां कांग्रेस के प्रत्याशी गेंदलाल सिन्हा के  लिए शनिवार को सैकड़ों महिलाएं अपने-अपने घरों से निकलकर आई और गेंदलाल के साथ मिलकर सभी महिलाएं डोर टू डोर जाकर गेंदलाल को अपना बेटा और भाई बताया और उनके लिए वोट देने की अपील की। तो वहीं दूसरी ओर भाजपा विधायक रोहित साहू अपने प्रत्याशी रिखी राम यादव को जिताने के लिए निकाय स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन कर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुंकार भरी।

बड़ी तादाद में महिलाओं एवं बुजुर्गों से मिले समर्थन के लिए गेंदलाल सिन्हा ने  मातृशक्ति का आभार किया है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए पूरे नगर  की माताएं एवं बहनें  मेरे लिए पूरी ताकत झोंक रही है। वे निस्वार्थ भाव से डोर टू डोर घरों में जाकर वोट मांग रही है। यह सब कुछ एक नेता के लिए तो नहीं हो सकता, वो मुझे बेटा और भाई समझती हैं। उनके इस प्यार और स्नेह के लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं। आज गरियाबंद नगर के वार्डों में  सघन जनसंपर्क कर कांग्रेस के अध्यक्ष सहित पार्षद प्रत्याशी को जिताने के लिए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं  एवं वार्ड वासियों ने स्वस्फूर्त  अपना सहयोग देने की बात कही है।

वहीं बीते दिनों भाजपा का निकाय स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन नगर के शिशु वाटिका में संपन्न हुआ। सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाय चुनाव में जीत का संकल्प लिया। राजिम विधायक रोहित साहू ने कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेताओं पार्टी पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी रिखी राम यादव सहित 15 वार्ड के पार्षद प्रत्याशी और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

विधायक रोहित साहू ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव के दौरान जो गारंटी दी थी, उसे मुख्यमंत्री विष्णु देव की सरकार ने एक साल में पूरा किया।

 कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वादे करके पांच साल भ्रष्टाचार में बिताए। भाजपा सरकार ने गरीबों को 18 लाख आवास की स्वीकृति दी। किसानों को दो साल का बोनस दिया। 3100 रुपए में धान खरीदा। महिलाओं के लिए हर महीने महतारी वंदन की किश्त सीधे खाते में भेजी जा रही है। 

विधायक ने कहा कि गरियाबंद में भाजपा सरकार ने एक साल में 338 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए। नगर पालिका को 6 करोड़ रुपए मिले। पांडुका से देवभोग सडक़ चौड़ीकरण के लिए 1200 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए। पैरी कॉलोनी से कोविड अस्पताल तक फोरलेन सडक़ निर्माण के लिए 42 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए। उन्होंने कहा कि नगर में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी तो और ज्यादा विकास होगा। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पांच साल पहले जनता ने पंजा में बटन दबाने की गलती की थी। अगर फिर से ऐसा हुआ तो विकास रुक जाएगा।  इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news