मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

कांग्रेस के लिए समर्पित होकर काम करते हैं कार्यकर्ता- महंत
28-Jan-2025 3:15 PM
कांग्रेस के लिए समर्पित होकर काम करते हैं कार्यकर्ता- महंत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 28 जनवरी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश में निकाय चुनाव में कांग्रेस के बेहतर परिणाम आएंगे। मेयर के रूप में जहां डॉ. विनय जायसवाल वहीं नपाध्यक्ष के रूप में प्रभा पटेल सबसे सशक्त और दमदार उम्मीदवार हैं। प्रदेश में चौथी बार नपाध्यक्ष का चुनाव जीतकर प्रभा पटेल रिकॉर्ड बनाएंगी।

उक्त बातें छत्तीसगढ़ प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस से नपाध्यक्ष उम्मीदवार प्रभा पटेल के निवास में प्रेस वार्ता के दौरान कही। प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अधिवक्ता रमेश सिंह, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, चिरमिरी महापौर प्रत्याशी डॉ. विनय जायसवाल एवं मनेंद्रगढ़ नपाध्यक्ष प्रत्याशी प्रभा पटेल उपस्थित रहीं। 

मनेंद्रगढ़ में नपाध्यक्ष के रूप में प्रभा पटेल की उम्मीदवारी पर डॉ. महंत ने कहा कि जैसे ही मनेंद्रगढ़ नपा अध्यक्ष के लिए पिछड़ा वर्ग महिला हेतु आरक्षित हुई, प्रभा पटेल एकमत से सभी की पसंदीदा उम्मीदवार रहीं। संगठन को उनकी काबिलियत पर पूरा भरोसा है। मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस से वे एकमात्र ऐसी उम्मीदवार हैं जिनके सामने विरोधी दल बिल्कुल भी नहीं टिक पाएंगे। 

वहीं चिरमिरी महापौर के लिए पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल की उम्मीदवारी पर उन्होंने कहा कि डॉ. विनय महापौर के लिए अपनी दावेदारी नहीं करना चाहते थे, उनके कहने पर वे मैदान में उतरे हैं। टिकट वितरण के सवाल पर डॉ. महंत ने कहा कि चाहे विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा या फिर निकाय चुनाव कांग्रेस एक मत से प्रत्याशियों का चयन करती है। 

उन्होंने कहा कि एमसीबी जिला कांग्रेस का गढ़ रहा है। यहां के लोगों की कांग्रेसी भावना है पुराने समय से कांग्रेस के प्रति सद्भाव प्रेम है। टिकट वितरण से कुछ कांग्रेसियों में नाराजगी के सवाल पर डॉ. महंत ने कहा कि यह क्षणिक नाराजगी हो सकती है। धीरे-धीरे सब शांत हो जाते हैं और फिर एक साथ मिलकर कांग्रेस के लिए समर्पित होकर काम करते हैं। एमसीबी जिले में कांग्रेस कितने सीट जीतने जा रही है इस पर अंत में उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में हम कार्यकर्ताओं की एकजुटता, उनकी मेहनत और पार्टी के प्रति समर्पण से एमसीबी जिले में सभी 6 सीट जीतने जा रहे हैं।
 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news