निकाय व पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने ली प्रेस वार्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 22 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष महेश जैन ने आज भाजपा कार्यलय कमल सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ में होने जा रहे नगरीय निकाय व त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव मूलत: उस विश्वास को जनादेश में बदलने के लिए हैं, जो विश्वास हमने अपने पिछले एक वर्ष के कार्यकाल में हासिल किया है।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, शिशुपाल शोरी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भरत मटियारा, जिला महामंत्री दिलीप जायसवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अशोक वलेचा, राजीव लोचन सिंह, राजा देवनानी, जिला मीडिया प्रभारी निपेन्द्र पटेल, वीरेंद्र श्रीवास्तव, राजेंद्र गौर, दिनेश रजक उपस्थित थे।
श्री जैन ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने ‘अटल निर्माण वर्ष’ घोषित किया है। यह वर्ष प्रदेश निर्माता अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष भी है। निस्संदेह अटल निर्माण वर्ष में हमारी सरकार अधोसंरचना के क्षेत्र में अधिकाधिक कार्य करेगी और इसका सबसे बड़ा लाभ हमारे नगरीय निकायों को मिलेगा।
केंद्र और राज्य, दोनों में भाजपा सरकार ने जो अद्भुत कार्य किए हैं, वह जनता के सामने हैं। हमने बीते एक साल में जो वादे किए, उन्हें पूरा कर यह साबित किया है कि भाजपा केवल बोलती नहीं, बल्कि करके दिखाती है। अब हम इस मंत्र को लेकर नगर पालिका, नगर निगम और जिला परिषद स्तर तक पहुंच रहे है, ताकि हर शहर, हर वार्ड, और हर गली, यहां तक कि हर घर में विकास की यह गूंज सुनाई दे। श्री जैन ने कहा कि हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ के हर नागरिक को स्वच्छ, सुंदर, और समृद्ध जीवन प्रदान करना है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन के विपरीत, भाजपा हर स्तर पर पारदर्शी और जवाबदेह शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री जैन ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ नगर निगमों में प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के शहरों के भविष्य को सँवारने और हर नागरिक के लिए एक स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध कल सुनिश्चित करने का मौका है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की जनता को हमेशा निराश किया है। 2018 के विधानसभा चुनाव और 2019 के शहरी निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के बाद, कांग्रेस ने जनहित के वादों को पूरा करने के विपरीत भ्रष्टाचार और कुशासन का नया अध्याय लिखा। कांग्रेस के शासनकाल में विकास के कार्य ठप कर दिए गए।
श्री जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले पाँच वर्ष में शहरी क्षेत्रों में भी कांग्रेस का कब्जा था, और कांग्रेस के कार्यकाल में शहरों की हुई दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। खराब सीवेज व्यवस्था के कारण शहर गंदगी और जलभराव का शिकार हो गए हैं। मुहल्लों में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियाँ फैल रही थी। विकास के कार्य ठप पड़े हुए थे, हमने पिछले 13 महीनों में 7,300 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों की स्वीकृति प्रदान कर शहरों के विकास में जान फूँकी है।
मिशन अमृत अंतर्गत पांच शहरों में 865 करोड़ की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्वीकृत किए गए है। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत अनुपचारित जल प्रबंधन हेतु एक लाख से कम जनसंख्या वाले 160 शहरों में 830 करोड़ की लागत से लगभग 200 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना और 1000 कि.मी. से अधिक सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी।
श्री जैन ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में शहरों की सफाई व्यवस्था बद से बदतर हो गई थी, जिसे अब हमें ही सँवारना है। इसके लिए स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सफाई व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट के निष्पादन हेतु भारत सरकार द्वारा नवंबर 2024 में राशि 230 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।