‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 15 जनवरी। बचेली नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा मकर संक्रांति पर मंगलवार को पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया।
सर्वप्रथम नगर के हॉकी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में आरएसएस का ध्वजारोहण कर तत्पश्चात भारतमाता की छायाचित्र पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में उपस्थित आरएसएस कार्यकर्ताओं का पंथसंचलन शुरू हुआ। हॉकी मैदान से आरएसएस कार्यकर्ताओं का दो दल अलग-अलग दिशाओं में निकला।
पहला दल श्रमवीर चैक, हाईटेक कॉलोनी, लेबरहटमेंट पुराना मार्केट, गौरव पथ मुख्य मार्ग होते हुए एनएमडीसी प्रवेश द्वार पहुचे। दूसरा दल हॉकी मैदान से राजीव गांधी चौक, अस्पताल चौक, सुभाष नगर, बंगाली कैंप कैम्प नंबर 2, गौरव पथ मुख्य मार्ग, हनुमान मंदिर बजरंग चौक होते हुए, एनएमडीसी प्रवेश द्वार से घड़ी चौक में दोनों दलों का मिलन और फिर मैदान में वापस पहुंचे। इस दौरान हर चौक चौराहों पर माता-बहनो के द्वारा पुष्प वर्षा करते फूलों के साथ स्वागत किया गया। पथसंचलन के बाद शस्त्र पूजा की गई।
प्रमुख वक्ता पुर्णेन्दु सक्सेना ने बौद्विक में समस्त श्रोताओ को संबोधित करते हुए एकजुट रहकर राष्ट्रहित के कार्य करने को प्रेरित किया। राष्ट्र विरोधी विघटनकारी शक्तियों की चाल में न आकर सनातनियों को एकजुट रहने की बात कही।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्थापना से लेकर संघ समाज के हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी को बताया। संस्कारों से सुसज्जित व्यक्ति निर्माण ही संघ का मुख्य कार्य है। मर्यादापुरूषोत्तम श्रीराम के आदर्शों पर चलने की बात कही।
अयप्पा सेवा समिति के सचिव जिजिल बालन, विभाग संचालक जितेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला संचालक संतोष महापात्र, नगर संचालक अशोक निषाद इस पथ संचलन में सहभागी बने। इस पंथ संचलन में बड़़े तो शामिल थे ही छोटे-छोटे बच्चे भी इसका हिस्सा रहे। इस पंथसंचलन में सभी एक सुर और कदमताल के साथ आगे बढ़ते रहे।