‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 जनवरी। रायपुर नगर निगम क्षेत्र के कांग्रेस जनों की बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस भवन में लिया। उन्होंने कहा कि रायपुर में फिर से एक बार कांग्रेस का महापौर बनाना है। शहर के सभी 70 वार्डों में दमदारी से एकजुटता से चुनाव लडऩा है। पार्टी के प्रति निष्ठावान को मौका मिलेगा। सभी जनता के बीच जाकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाये। उन्होंने सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी अपने वार्डों में तुरंत बैठकें आयोजित करें।
बैज ने कहा कि भाजपा की साय सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में जनता को निराश किया है। विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने जनता से जो वादा किया था, एक साल में उसको पूरा नहीं किया है। न 500 रू. सिलेंडर देने का वादा पूरा किया भाजपा राज में बिजली के दाम बढ़ गये है। सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश है, जनता भाजपा के खिलाफ निकाय चुनावों में मतदान करेगी।
दूसरी ओर पार्टी ने पार्षद, और महापौर के दावेदारों से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही चुनाव के लिए पर्यवेक्षक और प्रभारी निनयुक्त कर दिए हैं।