‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 13 दिसंबर। नगर पंचायत बेरला स्थित रेस्ट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक का उद्देश्य भिभौरी मंडल और बेरला मंडल के अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए विचार-विमर्श करना था।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं बेमेतरा चुनाव प्रभारी भरत वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा किसान नेता और सर्व हिंदू सनातन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश तिवारी ने प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा का भव्य स्वागत किया। योगेश तिवारी ने कहा मंडल और जि़ला अध्यक्ष पद पर ऐसे कार्यकर्ताओं को मौका मिलना चाहिए, जिन्होंने पार्टी के नीतियों और सिद्धांतों का पालन करते हुए कार्य किया हो। ऐसे नेता जो सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की क्षमता रखते हों और जिन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी को मजबूती दी हो, उन्हें प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा ने बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि नियुक्ति प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी। उन्होंने कहा हम ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाएंगे जिन्होंने पार्टी के झंडे को मजबूती से उठाया है और हर चुनाव में निष्ठा के साथ कार्य किया है।
बैठक का मुय उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और आगामी निगम पंचायत के चुनावों की तैयारियों को और बेहतर बनाना था। बैठक में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जोश, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, राजेन्द्र शर्मा, नरेन्द्र वर्मा, सहित सभी वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।