बेमेतरा

जिला अस्पताल बेमेतरा को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
29-Apr-2026 4:02 PM
जिला अस्पताल बेमेतरा को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 अप्रैल। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं। यह ज्ञापन जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रांजल तिवारी के नेतृत्व में सौंपा गया।

ज्ञापन में जिला युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर किए जाने और कुछ डॉक्टरों द्वारा निजी प्रैक्टिस किए जाने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। संगठन का कहना है कि इससे मरीजों को असुविधा हो रही है।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने कहा कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में मरीजों को निजी अस्पतालों की ओर भेजा जा रहा है। साथ ही उन्होंने सरकारी संसाधनों के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए।

तिवारी ने यह भी कहा कि यदि सरकारी डॉक्टर निजी प्रैक्टिस में संलग्न पाए जाते हैं या मरीजों को निजी अस्पतालों की ओर भेजने में उनकी भूमिका होती है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

युवा कांग्रेस ने प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने कहा है कि यदि निर्धारित समय के भीतर कार्रवाई नहीं होती है, तो आगे आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।


अन्य पोस्ट