बेमेतरा

विकसित भारत के लिए महिलाओं की भागीदारी आवश्यक-कल्पना
28-Apr-2026 3:37 PM
विकसित भारत के लिए महिलाओं की भागीदारी आवश्यक-कल्पना

जिपं की सामान्य सभा में महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा, निंदा प्रस्ताव पारित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा,28 अप्रैल । जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े विषय पर चर्चा की गई। बैठक में कुछ सदस्यों द्वारा लोकसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने को लेकर निंदा प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किए जाने की जानकारी दी गई।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढऩे से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती मिलती है।

उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी पिछले वर्षों में बढ़ी है और इससे नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ है। उनके अनुसार, महिलाएं अब बड़े मंचों पर भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती हैं।

बैठक में उपस्थित अन्य सदस्यों ने भी विषय पर अपने विचार रखे।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी की उपस्थिति में अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, उपाध्यक्ष खुशबू गोविंद पटेल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट