बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 अप्रैल। जिला मुख्यालय के पास कोबिया तिराहा पर शुक्रवार रात एक सडक़ हादसे में ग्राम गोपाल भैंना निवासी युवक वैभव सिंह भुवाल की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वैभव शुक्रवार रात करीब 9.15 बजे रायपुर से अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अकेले घर लौट रहा था। उसने रास्ते में अपनी मां कार्तिका सिंह भुवाल को फोन पर बात कर 5-10 मिनट में बेमेतरा पहुंचने की सूचना दी। जब वह कोबिया तिराहा के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे ट्रेलर वाहन क्रमांक आरजे 48 जीए 3177 के चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार के चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वैभव को शरीर पर गंभीर चोटे आई। राहगीरों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचे पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे।
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11.30 बजे तक वैभव ने के घर न पहुंचने पर जब उन्होंने उसके मोबाइल पर कॉल किया तब उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली। पुलिस ने सूचना कर्ता की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्युरी कक्ष में रखवाया है, जिसका शनिवार को पीएम किया गया।
पुलिस प्रशासन ने आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने कोबिया तिराहा पर बढ़ते यातायात और तेज रफ्तार वालों पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी अनहोनी को रोका जा सके।


