बेमेतरा

पीएम आवास योजना की रुकी राशि होगी जारी-जिपं अध्यक्ष
23-Apr-2026 9:05 PM
पीएम आवास योजना की रुकी राशि होगी जारी-जिपं अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 23 अप्रैल। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नवगठित नगर पंचायत भिंभोरी, कुसमी और दाढ़ी के हितग्राहियों की लंबित राशि को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, इन क्षेत्रों के नगर पंचायत घोषित होने के बाद ग्रामीण आवास योजना से जुड़े प्रकरण शहरी विभाग को स्थानांतरित हो गए थे, जिसके कारण कई हितग्राहियों की स्वीकृत राशि लंबित हो गई थी और कुछ आवास निर्माण कार्य प्रभावित हुए।

इस गंभीर जनसमस्या को प्राथमिकता से लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने लगातार पहल की। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर इस विषय से अवगत कराया और संबंधित विभागों प्रधानमंत्री अवास योजना के उपायुक्त आई एस तारण प्रकाश सिन्हा से शीघ्र समाधान की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों से निरंतर संवाद स्थापित कर समस्या के निराकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। उनके सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया था। उनके अनुसार, अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर पात्र हितग्राहियों की राशि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचना आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के स्थानांतरण के दौरान इस प्रकार की समस्याएं सामने आती हैं, जिनका समाधान प्रशासन द्वारा किया जाना चाहिए।

प्रशासनिक स्तर पर जारी निर्देशों के अनुसार, संबंधित विभागों को लंबित मामलों का निराकरण कर राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया है।


अन्य पोस्ट