‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 12 दिसंबर। जिले की प्रभारी सचिव रेणु पिल्ले ने 11 दिसंबर को धमतरी प्रवास के दौरान गोकुलपुर स्थित नशामुक्ति केन्द्र, पुलिस क्वार्र्ट्स के पीछे रोपित ’एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधों और धान खरीदी केन्द्र कोड़ेबोड़ का निरीक्षण किया।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित गोकुलपुर स्थित नशा मुक्ति केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नशे से ग्रसित व्यक्तियों को नशा मुक्ति केन्द्र में नशे से दूर करने के लिए दिए जाने वाली सुविधाओं, योगा, मेडिटेशन, काउंसिलिंग इत्यादि के बारे में जानकारी ली। उपस्थित अधिकारी ने बताया कि यहां नशे से ग्रसित व्यक्तियों को प्रतिदिन निशुल्क योगाभ्यास, व्यायाम, आध्यात्मिक कार्यक्रम, ध्यान एवं साइकोलॉजी कक्षाओं से जोडक़र नशे से दूर करने का प्रयास किया जाता है। इसके अलावा नशा करने के नुकसान और उसका परिवार पर पडऩे वाले असर के बारे में भी बताया जाता है। प्रभारी सचिव ने नशा मुक्ति केन्द्र में नशे से ग्रसित व्यक्तियों को दी जा रही सुविधाओं की बारिकी से निरीक्षण किया और इसकी प्रशंसा भी की।
इसके बाद धान खरीदी केन्द्र कोड़ेबोड़ का निरीक्षण किया। टोकन, बारदाना, मॉस्चराईजर मशीन, मिलर्स को प्रदाय डीओ इत्यादि की जानकारी ली। धान बेचने आए किसानों से भी चर्चा की। धान उपार्जन केन्द्र कोड़ेबोड़ में कोड़ेबोड़, मरौद, अछोटी और गातापार के किसान धान विक्रय करने आते हैं। यहां पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था है तथा किसानों को सभी सुविधाएं मुहैय्या कराई जा रहीं हैं।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे निर्देश
प्रभारी सचिव रेणु पिल्ले ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। नक्शा, खसरा, डिजीटल क्रॉप की जानकारी ली। कलेक्टर ने जिओ रिफ्रेशिंग पूर्ण ग्रामों में सर्वे रिसर्वे की तहसीलवार जानकारी देते हुए बताया कि जिओ रिफेंसिंग उपरांत 7 ग्रामों का नक्शा उपलब्ध कराकर सत्यापन कार्य किया जा रहा है।
साथ ही अविवादित नामांतरण के कुल दर्ज 4286 प्रकरणों में से 2499 का निराकरण किया जा चुका है। एक पेड़ मां के नाम अभियान की समीक्षा के दौरान डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि अभियान के तहत जिले में लक्षित 13 लाख 24 हजार 997 में से 12 लाख 79 हजार 137 पौधों का रोपण किया गया है। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री जनमन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ’बिहान’, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, जिले मे स्वीकृत 122 अमृत सरोवरों में से शत्-प्रतिशत अमृत सरोवर पूर्ण कर लिए गए हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन, बारदाना की उपलब्धता, टोकन, उठाव की स्थिति और शासन की मंशानुरूप किसानों को दी गई सुविधा की जानकारी प्रभारी सचिव ने बैठक में ली।