धमतरी

घरों और दुकानों से नहीं उठा कचरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 28 नवंबर। महिला सफाई कर्मचारियों ने 27 नवंबर से 3 दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। लगातार दूसरे दिन भी घर-घर कचरा कलेक्शन नहीं हुआ। 29 नवंबर को भी महिलाएं घर तक नहीं आएंगी।
छत्तीसगढ़ स्वच्छता दीदी महिला-पुरुष महासंघ के बैनर तले जिलेभर के 300 कर्मचारियों ने गांधी मैदान में 3 मांगों को लेकर नारेबाजी की। स्वच्छता महिला कर्मियों की प्रमुख मांग में कलेक्टर दर में वेतन देने, वेतन से पीएफ राशि काटने व साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की।
संघ की जिलाध्यक्ष जितेश्वरी साहू, सचिव कीर्ति साहू ने कहा कि जिले में 300 महिला-पुरुष सफाई के रूप में काम कर रहे हैं। साल 2017 से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का काम कर रहे हैं। कोरोना काल में भी स्वच्छता कर्मचारी स्वयं व परिवार की परवाह किए बगैर डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का काम किया थे। वर्तमान में काम भी कर रहे हैं। मानदेय 7200 रुपए दिया जा रहा है। महंगाई के इस दौर में यह मानदेय पर्याप्त नहीं है। 3 दिनों तक हड़ताल जारी रहेगा।
29 को निकलेगी रैली
छत्तीसगढ़ स्वच्छता दीदी महिला पुरुष महासंघ मांगों को लेकर 29 नवंबर को शहर में रैली निकालेंगे। दोपहर 12 बजे गांधी मैदान से गांधी मैदान से सदर मार्ग, गोकुलपुर होते हुए कलेक्टोरेट पहुंचेंगे। यहां मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि मांगें पूरी न होने पर प्रदेश पदाधिकारियों के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
कांग्रेसियों ने किया कर्मचारियों का समर्थन
बुधवार को कांग्रेसियों ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करने के लिए गांधी मैदान पहुंचे। यहां प्लेसमेंट कर्मचारी और स्वच्छता महिला कर्मचारियों के मांगों का समर्थन करते हुए विधानसभा में मांगों को उठाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सिहावा व धमतरी विधायक के साथ महापौर विजय देवांगन समेत कांग्रेसी मौजूद रहे।