धमतरी

अब तक 33 प्रकरण दर्ज कर 2372 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त
27-Nov-2024 2:01 PM
अब तक 33 प्रकरण दर्ज कर 2372 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 27 नवंबर।
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के तहत जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिए राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता विभाग और कृषि उपज मंडी के अधिकारियों का उडऩदस्ता दज गठन किया गया है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि 14 नवंबर से अब तक दल द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए 33 प्रकरण दल कर कुल 2372 क्विंटल और 80 किलोग्राम अवैध धान जब्त किया गया है।


उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरी उडऩदस्ता दल द्वारा मेहर प्रोव्हीजन स्टोर मुजगहन, हेमबाई किराना स्टोर खरतुली एवं बॉबी किराना स्टोर छाती के प्रतिष्ठान में जांच किया गया। जांच में मेहर प्रोव्हीजन स्टोर मुजगहन में 75 कट्टा (30 क्विंटल), हेमबाई किराना स्टोर मुजगहन में 20 कट्टा (8 क्विंटल) तथा बॉबी किराना स्टोर छाती में 32 कट्टा (12.80 क्विंटल) अवैध धान का भंडारण पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर कुल 127 कट्टा (50.80 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया है। जिले के उपार्जन केन्द्रों में उपार्जित धान में से अब तक 2184.80 मीट्रिक टन धान का भण्डारण संग्रहण केन्द्र भोयना में किया गया है तथा शेष धान का भंडारण कार्य जारी है।

8 दिन में 19 हजार किसानों ने बेचा धान
जिले में 1.27 लाख किसानों ने धान बेचने पंजीयन कराया है। इसमें से अब तक 19 हजार 656 किसानों ने ही धान बेचा है। इन किसानों से 197 करोड़ 28 लाख 77 हजार रुपए का धान खरीदा गया है।

किसानों ने जिले के सभी 100 समितियों में 8.55 लाख क्विंटल धान बेचा है। इनसे 43 करोड़ 59 लाख रुपए की कर्ज वसूली भी की गई है। केंद्रों से धान उठाव भी शुरू हो गया है। अब तक 23 हजार 268 क्विंटल धान परिवहन किया गया।


अन्य पोस्ट