बलौदा बाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 नवंबर। उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क हवाओं ने पूरे जिले को शीतलहर की चपेट में ले लिया है। पिछले तीन दिनों से जिले भर में खडक़े की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रभाव है जिससे न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बलौदाबाजार का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन पी थामस ने बताया कि इस साल कड़ाके की ठंड पडऩे के पूरे संकेत हैं। 2014 में 21 और नवंबर 22 नवंबर को न्यूनतम तापमान क्रमश: 13 डिग्री और 12.9 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद पिछले 10 वर्षों में नवंबर के महीने में न्यूनतम तापमान कभी 13 डिग्री से नीचे नहीं गया। इस साल 20 नवंबर से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। शुष्क वायु प्रवाह और वायुमंडल में नमी की कमी के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। शहर सहित पूरा बलौदा बाजार जिला शीतलहर की चपेट में है जिससे ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
दिन के समय ही ठिठुरन
बलौदाबाजार सहित जिले भर में पिछले तीन-चार दिनों में राते कप कपाने वाली हो गई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वही अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री रहा। ठंडी हवाओं ने दिन के समय भी ठिठुरन का एहसास कराया।
जल्द ही ठंड और बढऩे के आसार
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार फिलहाल किसी बड़े विछोभ के सक्रिय होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। शुष्क हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट की संभावना है।
वैज्ञानिकों ने बताया कि 28 नवंबर के बाद ठंड में थोड़ी कमी आ सकती है।