बलौदा बाजार

साइबर ठग और पैसा डबल गिरोह के आरोपी गिरफ्तार
19-Feb-2026 10:15 PM
साइबर ठग और पैसा डबल गिरोह के आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 19 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ठगी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अभियान चलाते हुए अलग-अलग प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ओटीपी के जरिए बैंक खाते से रकम निकालने वाला साइबर ठग तथा जादू-मंतर से पैसा कई गुना करने का झांसा देने वाले आरोपी शामिल हैं।

 ओटीपी के जरिए निकाले पैसे

संजय कॉलोनी निवासी महेंद्र कुमार त्रिपाठी के बैंक खाते से 3 लाख 74 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया। शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2025 में उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध संदेश आया, जिसे उन्होंने अनदेखा कर दिया। बाद में  ‘टीम जिओ फाइनेंस ’ के नाम से आए संदेश में ओटीपी दर्ज करने का उल्लेख था। इसके कुछ ही समय बाद उनके भारतीय स्टेट बैंक, गार्डन चौक शाखा स्थित खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में राशि कटने का मैसेज मिला।

सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पता लगाया कि रकम बंधन बैंक के खाते में ट्रांसफर की गई। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शौविक राजवंशी को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ कर रही है।

अंधविश्वास के जरिए ठगी, बाप-बेटा गिरफ्तार

थाना पलारी क्षेत्र में अंधविश्वास के जरिए ठगी के दो मामले दर्ज हुए। आरोप है कि दीनदयाल जांगड़े और पुरुषोत्तम जांगड़े नामक पिता-पुत्र लोगों को जादू-मंतर और विशेष अनुष्ठान से रकम कई गुना करने का लालच देते थे।

पहला मामला:  ग्राम बलौदी निवासी नोहर यादव से 2022 में 3 लाख रुपये नकद लेने का आरोप। दूसरा मामला: ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार से 2 लाख रुपये लेने और रकम लौटाने की मांग पर धमकी देने का आरोप।

दोनों मामलों में पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपियों को ग्राम धौराभाठा, थाना खरोरा, जिला रायपुर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नगद जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर कार्रवाई तेज की गई। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध और अंधविश्वास आधारित ठगी के मामलों में सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, ओटीपी या पैसा डबल जैसे प्रलोभनों से सतर्क रहें और ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना पुलिस को दें।


अन्य पोस्ट