बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 फरवरी। खाद्य सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए भाटापारा स्थित एक दाल मिल पर कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण के दौरान उड़द दाल में रंग मिलावट की आशंका पाए जाने पर लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की 316 बोरी उड़द दाल तथा संदिग्ध काला रंग जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश एवं अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी के नेतृत्व में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या महिलांग की अगुवाई में टीम ने मंगलवार को भाटापारा के सुहेला रोड स्थित खोखली परिसर में संचालित दाल मिल का निरीक्षण किया।
ड्रम में मिला संदिग्ध काला रंग
निरीक्षण के दौरान परिसर में रखे एक ड्रम में काला रंग पाया गया। प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई कि इसका उपयोग उड़द दाल को अधिक गहरा और आकर्षक दिखाने के लिए किया जा सकता है। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार दाल में कृत्रिम रंग मिलाना गंभीर उल्लंघन है, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
316 बोरी दाल जब्त
कार्रवाई के दौरान कुल 316 बोरी उड़द दाल (अनुमानित मूल्य लगभग 8 लाख रुपये) जब्त कर सील की गई। संदिग्ध रंग का नमूना भी सुरक्षित रखकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। विधिवत पंचनामा तैयार कर नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षण हेतु प्रेषित किए गए हैं।
रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस का सहयोग भी लिया गया।
बाजार में बढ़ी सतर्कता
इस कार्रवाई के बाद भाटापारा और आसपास के क्षेत्रों में संचालित अन्य दाल मिलों व खाद्य व्यवसायियों में हलचल देखी जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और जहां भी शिकायत या आशंका होगी, वहां जांच की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका होने पर विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।


