खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

देवव्रत की प्रतिमा का अनावरण गुरुवार को
09-Oct-2024 2:47 PM
देवव्रत की प्रतिमा का अनावरण गुरुवार को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 9 अक्टूबर।
क्षेत्र के लोकप्रिय राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा अनावरण को लेकर जारी तमाम कवायदों पर गुरुवार 10 अक्टूबर की दोपहर पूरी तरह से विराम लग जाएगा जब लोगो की जनभावनाओं के अनुरूप दशहरे से पहले प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में अनावरण होगा। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद संतोष पांडेय करेंगे वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक यशोदा वर्मा, जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला भाजपाध्यक्ष व जिपं सभापति घम्मन साहू व जिपं सभापति विप्लव साहू मौजूद रहेंगे। नपा अध्यक्ष के रूप में गिरजा चंद्राकर के मनोनयन बाद आयोजित नपा परिषद की विशेष बैठक में प्रभारी मंत्री के हाथों राजा की प्रतिमा अनावरण संबंधी पारित प्रस्ताव अनुसार कार्यक्रम तय किया गया है। 

ज्ञात हो कि कांग्रेस शासन काल में राजा देवव्रत सिंह के निधन बाद लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता और आमजनों की भावनाओं को देखते हुए 25 लाख रुपयों की स्वीकृति मिली थी और नगर पालिका को कार्य एजेन्सी बनाया गया था। काफी राय मशवरे के बाद स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी हुई और सिविल लाइन दुर्गा चौक में प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया गया। स्थल चयन, चबूतरा, लाइटिंग, गार्डनिंग सहित तमाम प्रक्रिया पूरी करने के बाद चयनित स्थल पर प्रतिमा स्थापित कर दी गईं लेकिन पहले विधान सभा फिर लोक सभा चुनाव के बाद अनावरण का कार्यक्रम बाधित होता रहा लेकिन गांधी जयंती को बैठक, हस्ताक्षर अभियान और 4 अक्टूबर को कांग्रेसियों द्वारा ज्ञापन में दशहरे से पहले अनावरण नहीं किए जाने पर देवव्रत सिंह के पुत्र द्वारा अनावरण कराने की चेतावनी देने से कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा की पहल पर नगर पालिका हरकत में आया और आनन फानन में प्रभारी मंत्री से समय लेकर उक्त अनावरण कार्यक्रम तय किया गया। 

सालभर से सिविल लाइन चौक मे कपड़ो मे ढंकी राजा देवव्रत सिंह की आदमकद प्रतिमा के अनावरण को लेकर कांग्रेसियों ने बैठक में निर्णय लिया कि दशहरे तक यदि प्रशासन प्रतिमा अनावरण को लेकर उचित फैसला नहीं ले पाया तो देवव्रत सिंह के पुत्र के हाथो प्रतिमा का अनावरण कराया जाएगा। 
 


अन्य पोस्ट