बलरामपुर

लोगों ने वर्चुअल लिंक यूट्यूब से किए अंतिम दर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 20 सितंबर। नगर पंचायत जरही के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता बीजू दासन का 53 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार 20 सितम्बर को उनके पैतृक निवास, सेंट फ्रांसिस जेवियर चर्च, कोडुविला, केरल में किया गया।
बीजू दासन तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए अपने दोस्तों के साथ गए थे, लौटते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 18 सितंबर की शाम 5.30 बजे हृदयाघात से उनका निधन हो गया।
उनके निधन से कांग्रेस,भाजपा नेताओं और स्थानीय निवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। बीजू दासन की पत्नी निशा दासन वार्ड 9 की पार्षद हैं। दासन अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
बीजू दासन का अंतिम संस्कार 20 सितम्बर को उनके पैतृक निवास, सेंट फ्रांसिस जेवियर चर्च, कोडुविला, केरल में किया गया। इस दौरान, यूट्यूब पर अंतिम संस्कार का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे हजारों लोगों ने घर बैठे उनके अंतिम दर्शन किए। उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके कार्यों को याद किया।
लोगों ने कहा कि दासन ने हमेशा सभी समुदाय के विकास के लिए काम किया, जिसकी कमी को हमेशा महसूस किया जाएगा। उनके निधन को जिले के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया है। सभी ने कहा कि वे हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।