बलरामपुर

रामानुजगंज, 23 अगस्त। कांवरियों की सेवा में 24 घंटा सेवा देने के लिए तत्पर सेवादारों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
बाबा बैद्यनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति के संयोजक और नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष आर के पटेल , गायत्री परिवार के एस पी निगम , वरिष्ठ पार्षद अशोक जैसवाल, पूर्व न प उपाध्यक्ष शैलेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में पं. दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन कर विगत एक माह तक चली कांवड़ यात्रियों की सेवा कार्य को विश्राम दिया गया।
गौरतलब है कि नगर के वार्ड क्रमांक 13 में स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में श्रावण मास में झारखंड के बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवरियों के लिए निशुल्क जलपान, चिकित्सा एवं आवास की व्यवस्था कांवरिया सेवा समिति के द्वारा की गई थी।
सावन मास में देवाधिदेव महादेव के ज्योतिर्लिंग के रूप में विराजमान बाबा बैजनाथ धाम में जलाभिषेक करने हेतु झारखंड के देवघर में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है। झारखंड राज्य की सीमा के निकट छत्तीसगढ़ राज्य के अंतिम छोर पर स्थित शहर रामानुजगंज से होकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शिव भक्त बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा करते हैं।
इस दौरान छत्तीसगढ़ सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कावर यात्री यहां रुक कर सेवा कार्य का लाभ प्राप्त किए। सेवा कार्य पूर्ण होने के उपरांत सेवा कार्य को विश्राम देने और सेवा कार्य में लगे लोगों के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन कर कांवरियों की सेवा में 24 घंटा सेवा देने के लिए तत्पर रहने वाले सेवादारों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में आगे भी इसी प्रकार सेवा कार्य करने की बात कही।