बलरामपुर

कुसमी, 19 अगस्त। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज खान प्रभाग सामरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग सामरी के कार्यालय आवासीय परिसर एवं खदान क्षेत्र तथा कार्य क्षेत्र के सभी गांवों में हर घर तिरंगा लगाया गया।
इस अवसर पर हिण्डाल्को के आवासीय परिसर तथा कार्यालय क्षेत्र के आस पास कंपनी के सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों के द्वारा हाथ में तिरंगा लेकर एक हर घर तिरंगा रैली निकाली गयी, इसके अतिरिक्त कार्य क्षेत्र के तीनों लीज कुदाग, सामरी, टाटीझरिया के अंतर्गत आने वाले गांवों में बड़ी तादाद में हिण्डाल्को अधिकारियों के द्वारा ग्रामीणों को झंडा वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यालय परिसर में हिण्डाल्को खान प्रभाग के महाप्रबंधक श्री संजय पारधी के द्वारा झंडा रोहण किया गया। कंपनी के सुरक्षाकर्मीयों के द्वारा परेड निकाली गई। इसके उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मध्य मिष्ठान एवं पुरस्कार वितरित किया गया।
आगे बताया कि हम जानते हैं कि हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के तत्वावधान में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। एक राष्ट्र के रूप में ध्वज को सामूहिक रूप से घर पर लगाना न केवल तिरंगे के साथ हमारे व्यक्तिगत संबंध का प्रतीक है बल्कि यह राष्ट्र के निर्माण में हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। यह पहल भारतवासियों के दिलों में देश भक्त की भावना जागृत करने और भारत के राष्ट्रीय ध्वज के जागरूकता बढ़ाने के लिए की गयी है। हर घर तिरंगा अभियान एक ऐसा अभियान है जिसमें एक भारतीय के रूप में भाग लेने में हमें गर्व है यह अभियान हमें राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को भी याद दिलाता है।