बलरामपुर

रामानुजगंज में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
16-Aug-2024 9:28 PM
रामानुजगंज में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस नगर में धूमधाम से मनाया गया। नगर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में  नागरिकों, माता-बहनों और विभिन्न स्कूलों के बच्चों की उपस्थिति में नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के द्वारा 10वीं बार नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में ध्वजारोहण करते हुए शांति के प्रतीक कबूतर को छोड़ा गया।

 नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए अपने उद्बोधन में अपने 10 वर्ष के कार्यकाल का संक्षिप्त में लेखा-जोखा देते हुए नगर विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। इस दौरान विभिन्न शासकीय स्कूल के बच्चों के द्वारा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रस्तुति भी दी गई।

  नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में देश प्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति की राह पर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि मेरे इस दूसरे कार्यकाल को पूर्ण होने में  लगभग दो महीना शेष है। हमारे विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के आशीर्वाद से आप सभी के मार्गदर्शन में हमारी परिषद ने सडक़, बिजली, पानी जैसे मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ साथ अन्य सामाजिक दायित्वों को निभाते हुए शहर के सामाजिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को सजाने संवारने का हर सम्भव प्रयास किया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि दीपावली से पहले शहर के विभिन्न वार्डों में नए पोल लगाने एवं तार लगाने का कार्य पूर्ण कराने के साथ साथ सडक़ बत्ती प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा। पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होने से पूरा शहर प्रकाशवान हो जाएगा।

अन्य पोस्ट