दन्तेवाड़ा

अब मध्यान्ह भोजन के रसोईया संघ हड़ताल पर
13-Mar-2023 9:26 PM
अब मध्यान्ह भोजन के रसोईया संघ हड़ताल पर

तीन सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दे रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 13 मार्च।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के बाद अब छग स्कूल मध्यान्ह भोजन रसोईया संघ के रसोईये 3 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हंै। दंतेवाड़ा के बचेली में नगर पालिका बस स्टैंड में अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हड़ताल कर रहे हंै। 

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि 1995 से शासकीय स्कूलों में कार्य करते आ रहे रसोईयों को आज पर्यन्त मासिक वेतन 1500 रूपये दिया जा रहा है। जिससे रसोईयों को जीवन यापन करने में काफी कठिनाई हो रही है। इस महंगाई के दौर में जीवन यापन करने दुर्लभ हो गया है. हमारी तीन मंागें हैं, जिसमें रसोईयां को कलेक्टर दर पर मानदेय राशि दिया जाये, रसोईयों को नियुक्त पत्र जारी किया जाये, रसोईयों को स्व सहायता समूहों के द्वारा बिना कारण निकाल दिया जाता है, जिस पर रोक लगाया जाये। 

उन्होंने बताया कि छग स्कूल मध्यान्ह भोजन रसोईया संयुक्त संघ के द्वारा प्रदेश के सभी 33 जिलों के एवं ब्लॉक संभाग के समस्त रसोईया श्रमिकों द्वारा तीन सूत्रीय मांगो को लेकर 11 मार्च से धरना रैली व अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जा रहा है। 

संघ की उपाध्यक्ष बबली पटेल ने कहा कि पिछले वर्ष 4 सिंतबर से मांगों को ले धरना कर रहे थे, तब सरकार ने 300 रूपये प्रतिमाह बढ़ाया है, 1500 के जगह 1800 रूपये दिया जा रहा है। इस महंगाई में इतने कम वेतन पर घर चलाना दुर्लभ है। किस आधार पर 300 रूपये बढ़ाया गया है। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होगी, हड़ताल पर डटे रहेंगे।


अन्य पोस्ट