कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 सितंबर। भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन में पं. दीनदयाल उपाध्याय को उनके जन्मदिवस पर 25 सितंबर को याद किया गया। यहां मुख्य रूप से पूर्व मंत्री लता उसेण्डी व केदार कश्यप, प्रदेश मंत्री किरण देव, जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज जैन, ओम प्रकाश टावरी, प्रवीर बदेशा सहित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्व उपाध्याय के आदर्शों को अपनाकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता प्रदेश मंत्री किरण देव ने अपने उद्बोधन में कहा, एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता, दूरदर्शी राजनीतिज्ञ, अंत्योदय का मंत्र देकर जनकल्याण व राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित कर राष्ट्र निर्माण में अपना जीवन समर्पित कर देने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय को देश आज याद कर रहा है। देशभर में आज उनकी 105वीं जयंती मनाई जा रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के विचार को सामने लाने वाले उपाध्याय जी के विचार को ही बीजेपी ने अपना मिशन बना लिया।
इस दौरान उनकी राजनैतिक जीवनी पर प्रकाश डालते भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने कहा, जब 1951 में स्वर्गीय श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ बनाया तो संघ ने संगठन का काम देखने उपाध्याय को राजनीति में भेजा। 1953 में श्यामाप्रसाद मुखर्जी के निधन के बाद पंडित दीनदयाल के कंधों पर जनसंघ की सभी जिम्मेदारियां आ गई थीं।
15 साल जनसंघ के महामंत्री रहते हुए उन्होंने पार्टी की जड़ें मजबूत करते विचारधारा को आगे बढ़ाया और जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उनकी कार्यकुशलता और क्षमता से प्रभावित होकर एकबार कहा था यदि मुझे दो दीनदयाल मिल जाएं, तो मैं भारतीय राजनीति का नक्शा बदल दूं। भारत में रहने वाला और इसके प्रति ममत्व की भावना रखने वाला मानव समूह एक जन हैं। उनकी जीवन प्रणाली, कला, साहित्य, दर्शन सब भारतीय संस्कृति है। इसलिए भारतीय राष्ट्रवाद का आधार यह संस्कृति है। इस संस्कृति में निष्ठा रहे तभी भारत एकात्म रहेगा। इस एकात्म के तत्त्व को विस्तार से समझ कर सेवा और समर्पण की भावना को हमे आत्मसात करना है।
इस दौरान भाजपा जिला, उत्तर दक्षिण शहर और मर्दापाल मंडल सहित सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिनमे हेम कुंवर पटेल, प्रेम सिंह नाग, गोपाल दीक्षित, जितेंद्र सुराना, जैनेंद्र सिंह ठाकुर, कमलेश मोदी, कुलवंत चहल, संतोष पात्र, प्रतोष त्रिपाठी, विक्की रवानी, रेखा साहू, ललित देवांगन, सोना मनी पोयाम सहित अन्य उपस्थित हुए।